श्रीमंत दगडूशेठ गणपति कीमहाआरती से गूंज उठा परिसर

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर उल्लासित हुआ समूचा शहर

    08-May-2025
Total Views |
 
 
sindur
 
 
 
पुणे, 7 मई (आ.प्र.)
 
भारत माता के सपूतों द्वारा मंगलवार रात को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चलाए गए ‌‘ऑपरेशन सिंदूर‌’ की ऐतिहासिक सफलता पर पुणे शहर में हर्षोल्लास की लहर दौड़ गई. शहरवासियों ने इस विजयगाथा का जश्न श्रद्धा और उत्साह से मिलाकर अनोखे अंदाज में मनाया. कसबा विधानसभा क्षेत्र में स्थित पुणे का आराध्य देव श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर, इस उत्सव का केंद्र बना. विधायक हेमंत रासने के नेतृत्व में यहां भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जो देशभक्ति और भक्तिभाव की एक अद्वितीय मिसाल बन गया.
 
आतंक के अंधकार के विरुद्ध भारत की निर्णायक कार्यवाही के जवाब में पुणेकरों ने गणपति बाप्पा के चरणों में कृतज्ञता व्यक्त करते हुए दीप जलाए, आरती की और देश की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की. भारतमाता की जय, जय गणेश, और जय जवान की गर्जना ने हर दिल में जोश भर दिया. इस भावपूर्ण आरती में विधायक हेमंत रासने के साथ भाजपा के शहराध्यक्ष धीरज घाटे, ट्रस्ट अध्यक्ष सुनील रासने, अमित कंक, छगन बुलाखे, प्रशांत सुर्वे और अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमा प्रदान की.