गुजरात सरकार की विशेष समिति में डॉ. राजेश शाह की नियुक्ति

    30-Jan-2026
Total Views |

b fb fc 

गुलटेकड़ी, 29 जनवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

देशभर और गुजरात राज्य के बाहर रहने वाले गुजराती समाज को एक सूत्र में पिरोने के लिए गुजरात सरकार ने एक विशेष समिति का गठन किया है. सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले डॉ. राजेश शाह को इस समिति के सदस्य के रूप में चुना गया है. यह नियुक्ति दो वर्ष की अवधि के लिए की गई है. इस दौरान देशभर के गुजराती समाज का संगठन, विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय और समाज कल्याण की गतिविधियों को लागू करने की जिम्मेदारी इस समिति पर होगी. गुजराती समाज के संगठन और उनकी क्षमता का उपयोग देश के विकास में करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है. इस समिति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का मार्गदर्शन प्राप्त होगा. राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी समिति के माध्यम से गुजरात के बाहर रहने वाले गुजराती समुदाय से सीधा संपर्क साधा जाएगा और उन्हें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक कार्यों के लिए एकजुट करने पर जोर दिया जाएगा. बताया गया कि गुजराती समाज की सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और आर्थिक क्षमता का उपयोग राष्ट्र की उन्नति के लिए करना, विभिन्न राज्यों में सक्रिय गुजराती संस्थाओं, उद्यमियों, युवाओं और पेशेवरों को एक मंच पर लाना और देश के उत्कर्ष में गुजराती समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना, इस समिती का उद्देश्य होगा. गौरतलब है कि पुणे के सुप्रसिद्ध उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राजेश शाह कई प्रतिष्ठित संस्थाओं और संगठनों से जुड़े हुए हैं. उनके व्यापक अनुभव से समिति के कामकाज को और अधिक प्रभावी दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.