दगडूसेठ गणपति ट्रस्ट द्वारा दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्रदान

जय गणेश रुग्णसेवा अभियान के तहत आयोजित शिविर में कई जिलों से 1771 लाभार्थी पहुंचे

    31-Jan-2026
Total Views |

NGHDN


बाजीराव रोड, 30 जनवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की पहल ‌‘जय गणेश रुग्णसेवा अभियान' के अंतर्गत महाराष्ट्र के 1,771 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्रदान किए जा रहे हैं. थोरले बाजीराव पेशवे मार्ग स्थित ट्रस्ट के स्वास्थ्य सेवा केंद्र (हीराबाग कोठी) में यह शिविर एक सप्ताह तक चलेगा. यह इस अभियान का चौथा वर्ष है. टाटा ऑटोकॉम सिस्टम्स, पिनॅकल इंडस्ट्रीज और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (जयपुर फुट, इंदौर) के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया गया है. शिविर के उद्घाटन के अवसर पर टाटा ऑटोकॉम सिस्टम्स लिमिटेड के वाइस चेयरमैन डॉ. अरविंद गोयल, सुमति गोयल, पिनॅकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. सुधीर मेहता, ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, सह-सचिव अमोल केदारी, उत्सव प्रमुख अक्षय गोडसे, सुवर्णयुग तरुण मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण सहित मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. डॉ. सुधीर मेहता ने कहा जो कार्य हम मिलकर कर सकते हैं, वह अकेले संभव नहीं है. इसीलिए सभी संस्थाएं साथ मिलकर सेवा कार्य कर रही हैं. हमारा उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचना है. डॉ. अरविंद गोयल ने कहा, पुणे की तरह ही भविष्य में नागपुर और विदर्भ जैसे क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे. साथ ही, दिव्यांगों के लिए रोजगार सृजन के प्रयास भी किए जाएंगे. कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि पुणे सहित विभिन्न जिलों और गोवा राज्य से भी दिव्यांग इस शिविर में आए हैं. अब तक ट्रस्ट की पहल से 7 हजार दिव्यांगों को कृत्रिम अंग दिए जा चुके हैं. इस शिविर में व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ियां, कैलिपर्स और जयपुर फुट दिए जा रहे हैं. विशेष रूप से, पोलियो प्रभावित बच्चों के लिए विशेष व्हीलचेयर भी प्रदान की गई है.