डॉ. श्याम अग्रवाल द्वारा वात्सल्य ग्राम में 60 मुफ्त नेत्र शिविर पूरे

25 वर्षों में आयोजित शिविरों में 26 हजार मोतियाबिंद के ऑपरेशन साध्वी ऋतंभरा ने ‌‘अखिल भारतीय वात्सल्य रत्न" से किया सम्मानित

    31-Jan-2026
Total Views |
 
b ngv
वृंदावन/मुंबई, 30 जनवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

वृंदावन स्थित साध्वी ऋतंभरा (दीदी माँ) के पावन सानिध्य में वात्सल्य ग्राम आश्रम में डॉ. श्याम अग्रवाल की अगुवाई में चल रही नेत्र चिकित्सा सेवा ने एक नया इतिहास रचा है. उत्तर भारत के जरूरतमंदों के लिए आयोजित होने वाले इन निः शुल्क शिविरों ने अपने रजत जयंती वर्ष (25 साल) में कैंपों की संख्या की हीरक जयंती (60वां कैंप) मनाई. इस अवसर पर दीदी माँ ने डॉ. श्याम अग्रवाल, डॉ. आरती अग्रवाल-बहुआ और उनकी पूरी टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया. सन 2000 में शुरू हुई यह यात्रा अब एक विशाल आंदोलन का रूप ले चुकी है. 17-18 जनवरी 2026 को आयोजित इस 60वें ऐतिहासिक कैंप में कुल 306 मोतियाबिंद सर्जरी और 300 से अधिक ओपीडी चेकअप पूर्णतः निःशुल्क किए गए. डॉ. श्याम अग्रवाल ने साध्वी ऋतंभरा की प्रेरणा से एक चौथाई शताब्दी पहले जिस विनम्र प्रयास की शुरुआत की थी, उसने आज वात्सल्य ग्राम में प्रेमवती गुप्ता नेत्र चिकित्सालय और एक अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर का रूप ले लिया है. अब तक इस मुहिम के जरिए उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों के लाखों लोग लाभान्वित हो चुके हैं. डॉ. आरती अग्रवाल-बहुआ ने बताया कि इस दृष्टि मुहिम के पीछे मुंबई के डॉक्टरों की एक समर्पित टीम है. इस दल में डॉ. श्याम और डॉ. आरती के अलावा डॉ. अनुज बहुआ, डॉ. जुगल शाह, डॉ. विशाल राठौड़, डॉ. राहुल जैन, डॉ. आनंद जयपुरिया, डॉ. मयूर अग्रवाल और डॉ. सौरभ रामुका निरंतर अपनी सेवाएं देते हैं. इस बार के आयोजन को गजानंद गुप्ता चैरिटेबल ट्रस्ट, जय कुमार (बेस्ट रोडवेज) और मिलेनियम लायंस क्लब का उदार समर्थन प्राप्त हुआ.  
 
डॉ. अग्रवाल को कई पुरस्कार
डॉ. अग्रवाल को उनकी निष्काम सेवा के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है, जिनमें लक्ष्मण सिंह शेखावत पुरस्कार, रामलीला प्रचार समिति का लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड और महाराष्ट्र सरकार द्वारा हैफकिन इंस्टीट्यूट के मुखिया के रूप में दी गई सेवाएं शामिल हैं. सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि आज तक उनके द्वारा किए गए 26 हजार से अधिक ऑपरेशनों में एक भी फेल रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है.  
 
शिक्षा और समाज सेवा में अतुलनीय योगदान
चिकित्सा के साथ-साथ डॉ. श्याम अग्रवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने मालाड, मुंबई में डी.जी. खेतान इंटरनेशनल स्कूल, गाड़िया जूनियर कॉलेज और संजीवनी वर्ल्ड स्कूल जैसी संस्थाओं की नींव रखी. इसके अलावा, वे हिसार (हरियाणा) स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के संचालन में अग्रोहा विकास ट्रस्ट के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.