संचेती कॉलेज को तीन ‌‘आईएपी एक्सलेंस‌’ अवॉर्ड

सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय, टेक्नोलॉजी इंटीग्रेटेड सेंटर व रिहैबिलिटेशन सेंटर पुरस्कार से सम्मानित

    01-Oct-2026
Total Views |
vdfv
शिवाजीनगर, 30 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

संचेती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरपी ने इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरपिस्ट्स (आईएपी) एक्सलेंस अवॉर्ड्स 2026 में तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए. नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वर्ल्ड फिजियोथैरपी एशिया वेस्टर्न पैसिफिक (डब्ल्यूपीएडब्ल्यूपी) की क्षेत्रीय परिषद के दौरान हुए विशेष समारोह में आईएपी अध्यक्ष डॉ. संजीव झा ने पुरस्कार प्रदान किए. संचेती हेल्थकेयर अकादमी की अध्यक्ष मनीषा संघवी और महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. राधा भट्टड ने पुरस्कार स्वीकार किए. संचेती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरपी को ‌‘सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय‌’ पुरस्कार मिला. वहीं, संस्थान के प्रमुख अस्पताल संचेती इंस्टीट्यूट फॉर ऑर्थोपेडिक्स एंड रिहैबिलिटेशन (एसआईओआर) को टेक्नोलॉजी इंटीग्रेटेड सेंटर और स्पेशलाइज्ड ऑर्थोपेडिक रिहैबिलिटेशन सेंटर से सम्मानित किया गया. लगभग 70 वर्षों की परंपरा वाली आईएपी के ये पुरस्कार फिजियोथेरपी शिक्षा की शैक्षणिक गुणवत्ता, चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार और अनुसंधान में योगदान को मान्यता देते हैं. पद्मश्री, पद्मभूषण, पद्मविभूषण और डॉ. बी.सी. रॉय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. के.एच. संचेती की दूरदृष्टि से 1995 में स्थापित नैक मान्यता प्राप्त संस्थान में फिजियोथैरपी के स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएच.डी. पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं. महाविद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ प्रत्यक्ष रोगी सेवा का अनुभव दिया जाता है. प्रमुख तृतीयक देखभाल अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में प्रशिक्षण, आधुनिक पुनर्वास तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान के लिए प्रोत्साहन, राष्ट्रीय सम्मेलनों में सहभागिता और अत्याधुनिक तकनीक से परिचय विद्यार्थियों के विकास में सहायक है.मनीषा संघवी ने कहा कि आईएपी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 पिछले 30 वर्षों से जारी संस्थान के शैक्षणिक दृष्टिकोण की महत्वपूर्ण मान्यता है. गहन चिकित्सा प्रशिक्षण, उपचार परिणाम आधारित अनुसंधान और आधुनिक पुनर्वास विज्ञान को शिक्षा में शामिल करना इसकी शिक्षण पद्धति का आधार रहा है. ‌‘सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय‌’ पुरस्कार संस्थापक डॉ. के.एच. संचेती की दूरदृष्टि तथा प्राचार्यों, प्राध्यापकों, चिकित्सा विशेषज्ञों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और टीम सदस्यों के सामूहिक योगदान का सम्मान है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान फिजियोथेरपी शिक्षा, अनुसंधान और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के मानकों को मजबूत करने के साथ स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नर्सिंग, अभिव्यक्तिपरक कला एवं गति चिकित्सा तथा क्लीनिकल फेलोशिप के क्षेत्र में विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों के लिए नए अवसर विकसित करने की प्रेरणा देता है.