पुणे, 30 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पुणे कृषि उत्पन्न बाजार समिति के सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार नागपुर कृषि उत्पन्न बाजार समिति के सचिव दिनेशसिंग चंडेल को सौंपा गया है. सहकारिता, विपणन एवं वस्त्रोद्योग विभाग ने 30 सितंबर 2026 को इस संबंध में शासन निर्णय जारी किया है. इससे पहले पुणे बाजार समिति के सचिव डॉ. राजाराम धोंडकर का नियमित तबादला सहकारी संस्थाओं के उपनिबंधक (आर/ एन विभाग, मुंबई) के पद पर किया गया था. हालांकि, उनका पुणे बाजार समिति के सचिव पद का प्रभार बरकरार रखते हुए उन्हें मुंबई का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था. अब शासन ने पुणे बाजार समिति का अतिरिक्त प्रभार दिनेशसिंह चंदेल को सौंपते हुए डॉ. धोंडकर को इस पदभार से कार्यमुक्त कर दिया है. डॉ. आर.एस. धोंडकर ने 2 फरवरी 2023 को पुणे बाजार समिति के सचिव एवं प्रशासक के रूप में कार्यभार संभाला था.अब नागपुर बाजार समिति के सचिव दिनेशसिंह चंदेल पुणे बाजार समिति के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे. कार्यकाल में आय 100 करोड़ के पार डॉ. राजाराम धोंडकर के कार्यभार संभालने से पहले वर्ष 2022-23 में बाजार समिति को उपकर और अन्य आय मिलाकर कुल 73 करोड़ रुपये की आय हुई थी. धोंडकर के कार्यभार संभालने के बाद एक ही वर्ष में, यानी 2023-24 में, उपकर से होने वाली आय बढ़कर 68 करोड़ 30 लाख रुपये हो गई और कुल आय 95 करोड़ 16 लाख रुपये तक पहुंच गई. इसके बाद वर्ष 2024-25 में उपकर से आय 79 करोड़ 68 लाख रुपये हो गई और बाजार समिति के इतिहास में पहली बार कुल आय ने 106 करोड़ 25 लाख रुपये का आंकड़ा पार किया. चालू वित्त वर्ष 2025-26 में भी उनके तबादले तक उपकर के रूप में 75 करोड़ 63 लाख रुपये की आय हुई और कुल आय फिर बढ़कर 102 करोड़ 04 लाख रुपये हो गई. इस तरह तीन वर्षों में बाजार समिति की कुल आय 73 करोड़ रुपये से बढ़कर 106 करोड़ रुपये तक पहुंची.