थेरगांव, 30 सितंबर (आ.प्र.)
शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, मनपा के स्वास्थ्य विभाग की ओर से ’स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत सफाई मित्र सुरक्षा शिविरों का आयोजन किया गया था. 28 और 30 सितंबर को आयोजित इन शिविरों में ‘अ’, ‘ब’, ‘क’, ‘ड’, ‘ई’, ‘फ’, ‘ग’, ‘ह’, ‘ज’ और ‘ल’, इन सभी 10 क्षेत्रीय कार्यालयों के कार्यक्षेत्र में अब तक 3,500 से अधिक सफाईकर्मियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है. थेरगांव स्थित ‘कै. शंकरराव गावड़े कामगार भवन’ में भी शिविर का आयोजन किया गया था. इन शिविरों में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), मधुमेह (डायबिटीज) आदि की मुफ्त चिकित्सा जांच की गई. इसके साथ ही संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योगासन, प्राणायाम, तनाव प्रबंधन और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया. सफाईकर्मियों को काम के स्वरूप के अनुसार आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने, स्वास्थ्य से जुड़ी अच्छी आदतों को अपनाने और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सीय सलाह लेने का भी मार्गदर्शन दिया गया. उपायुक्त डॉ. प्रदीप ठेंगल ने इस अवसर पर कहा, सफाईकर्मी शहर की स्वच्छता के महत्वपूर्ण घटक हैं. काम के स्वरूप के अनुसार आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना अनिवार्य है. इसके साथ ही स्वास्थ्य की नियमित जांच करवाकर उचित देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. यदि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं शुरुआती चरण में ही ध्यान में आ जाती हैं, तो उन पर समय रहते उपाय किए जा सकते हैं, इसलिए सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा हेतु रोकथाम के उपायों पर जोर दिया जा रहा है. इस शिविर में डॉ. शिवाजी ढगे, डॉ. शंकर मोसलगी, डॉ. कुलभूषण कुलकर्णी, डॉ. तुषार जाधव, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीराम गायकवाड़, राजेश भाट, अंकुश झिटे, अतुल सोनवणे, कांचनकुमार इंदलकर, योगेश फल्ले के अलावा स्वास्थ्य निरीक्षक, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मी उपस्थित थे.