पिंपरी, 30 सितंबर (आ.प्र.)
मनपा के चिकित्सा उपकरण खरीद के लिए जारी की गई जीईएम टेंडर नंबर जीईएम/2026/बी/7797530 में 1000 एमए डिजिटल रेडियाेग्राफी सिस्टम की खरीद पर प्रश्नचिन्ह लग गया है. इस मशीन के लिए मनपा ने 2 कराेड़ 77 लाख 56 हजार रुपये का अनुमानित मूल्य तय किया है. मार्केट रेट और अन्य सरकारी संस्थानाें की खरीद रेट की तुलना में यह रेट काफी अधिक हाेने की बात सामने आने पर नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य संदीप वाघेरे ने मनपा आयुक्त से टेंडर रद्द कर जांच करने की मांग की है.
संदीप वाघेरे द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, टेंडर की तकनीकी विशिष्टताओं से संबंधित मूल निर्माता कंपनी ने राजस्थान के काेटा स्थित मेडिकल काॅलेज काे 1000 एमए क्षमता की वही मशीन लगभग 1 कराेड़ 40 लाख रुपये में सप्लाई की है. इसके अलावा 800 एमए क्षमता की मशीन इसी वर्ष लगभग 1 कराेड़ 10 लाख रुपये में बेचे जाने का उल्लेख भी पत्र में किया गया है. एक तरफ जहां 1000 एमए की मशीन सरकारी संस्थान में लगभग 1.40 कराेड़ रुपये में खरीदी गई है, वहीं मनपा की टेंडर में समान क्षमता की मशीन के लिए 2.77 कराेड़ 56 लाख रुपये का अनुमानित मूल्य तय किया गया है. दराें में इतने बड़े अंतर काे देखते हुए इसकी गहन जांच की मांग की गई है.
तकनीकी शर्ताें पर भी आपत्ति जतायी टेंडर में कुछ ऐसी तकनीकी शर्तें और विशिष्टताएं तय की गई हैं जाे चुनिंदा कंपनियाें या आपूर्तिकर्ताओं के अनुकूल हाें. इस संबंध में उठाई गई आपत्तियाें के बाद टेंडर के तकनीकी मानदंडाें, एस्टीमेट रेट और इसके लिए इस्तेमाल किए गए मार्केट रेट के गहन जांच की मांग संदीप वाघेरे ने की है.