पुणे/लाेनावला, 30 सितंबर
(आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
लाेनावला स्थित फार्महाउस की बिजली काटे जाने पर साेशल मीडिया के जरिए महावितरण पर ‘माफियागिरी’ का गंभीर आराेप लगाने वाली बाॅलीवुड अभिनेत्री तनिषा मुखर्जी काे आखिरकार बकाया बिजली बिल का भुगतान करना पड़ा. बुधवार, 30 सितंबर काे अभिनेत्री ने ऑनलाइन 3 हजार रुपये के बकाया बिल का भुगतान किया, जिसके बाद महावितरण ने उनके फार्महाउस की बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी.
महावितरण द्वारा जारी बयान के अनुसार, बिजली बिल समय पर जमा नहीं किए जाने के कारण नियमानुसार नाेटिस देने के बाद ही 26 सितंबर काे बिजली काटने की कार्रवाई की गई थी. तनिषा मुखर्जी अभिनेत्री काजाेल की बहन और अभिनेत्री तनुजा की बेटी हैं.
महावितरण की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लाेनावला स्थित फार्महाउस के लिए अभिनेत्री के नाम पर तीन फेज का बिजली कनेक्शन है. जुलाई 2026 का बिजली बिल 5 अगस्त काे जमा किया गया था. इसके बाद अगस्त और सितंबर महीने का बिल बकाया रह गया. अगस्त के बिल की भुगतान अवधि 4 सितंबर काे समाप्त हाेने के बाद अभिनेत्री के पंजीकृत माेबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए नाेटिस भेजा गया था.
19 सितंबर काे नाेटिस की अवधि समाप्त हाेने के बाद भी स्थानीय कर्मचारियाें ने वहां के प्रबंधक (केयरटेकर) से बार- बार बिजली बिल जमा करने का अनुराेध किया. इसके बावजूद बिल का भुगतान नहीं किए जाने पर नियमानुसार 26 सितंबर काे बिजली कनेक्शन काट दिया गया.
बिजली काटे जाने के बाद संबंधित अभिनेत्री ने साेशल मीडिया पर महावितरण के खिलाफ तीखी नाराजगी जताई थी.
उन्हाेंने आराेप लगाया था, महावितरण लाेनावला में माफियाओं की तरह व्यवहार कर रहा है और भारी-भरकम बिल देकर समय सीमा से पहले ही शनिवार शाम काे बिजली काट दी.
इस मामले में उन्हाेंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ काे साेशल मीडिया पर टैग कर हस्तक्षेप की मांग की थी.
बुधवार (30 सितंबर) दाेपहर संबंधित अभिनेत्री ने 3 हजार रुपये के बकाया बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान किया. बकाया राशि जमा हाेते ही महावितरण ने फार्महाउस की बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी. महावितरण प्रशासन ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, बकाया बिजली बिल के कारण नियमानुसार ही बिजली आपूर्ति काटी जाती है और बकाया बिल का भुगतान हाेने के बाद उसे बहाल कर दिया जाता है. इस मामले में भी महावितरण ने नियमाें का पूरी तरह पालन किया है.