ट्रस्ट का ऑडिट ऑनलाइन जमा करना ही पर्याप्त

राज्य चैरिटी कमिश्नर अमोघ कलोती ने दी जानकारी : कहा - प्रतियां जमा करना जरुरी नहीं

    10-Oct-2026
Total Views |
 
vdsf
शिवाजीनगर, 9 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट की गई चैरिटी संस्थाओं की वार्षिक लेखा रिपोर्ट (ऑडिट रिपोर्ट) मुंबई स्थित मुख्य चैरिटी कार्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करनी होती है. इसके बाद उसकी प्रतियां फिर से स्थानीय चैरिटी कार्यालय में जमा करने की आवश्यकता नहीं है. ऐसा परिपत्र महाराष्ट्र राज्य के चैरिटी कमिश्नर अमोघ श्यामकांत कलोती ने 5 अक्टूबर को जारी किया है. सार्वजनिक ट्रस्ट और चैरिटेबल संस्थानों की वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट धर्मादाय विभाग की वेबसाइट पर ट्रस्ट अधिनियम के अनुसार ऑनलाइन अपलोड करनी होती है. अपलोड करने के बाद उसकी ऑनलाइन रसीद प्राप्त होती है. इसके साथ ही ट्रस्ट को एक विशेष यूजर आईडी दिया जाता है. इस ऑनलाइन रसीद के साथ-साथ ऑडिट रिपोर्ट के सेट पर तीन ट्रस्टियों और चार्टर्ड एकाउंटेंट के नाम और हस्ताक्षर होने आवश्यक हैं. इस पूरे ऑडिट रिपोर्ट के सेट को जिले के न्यास पंजीकरण कार्यालय की लेखा शाखा में जमा करके रसीद प्राप्त की जाती है. इस सेट में वार्षिक बैलेंस शीट, वार्षिक आय-व्यय का विवरण और फॉर्म 9-डी के अनुसार सभी ट्रस्टियों के पूरे नाम तथा पैन कार्ड नंबर देना अनिवार्य होता है. इसके साथ ही, संबंधित ट्रस्ट को केवल घरेलू व्यक्तियों और संस्थाओं से ही दान मिला है- इस बात का चार्टर्ड अकाउंटेंट का प्रमाणपत्र भी ऑडिट रिपोट) के साथ जोड़ना पड़ता है. नए सर्कुलर में निर्देश दिए गए हैं कि ऑडिट रिपोर्ट की प्रतियां जमा करने के लिए किसी भी संस्था संचालकों और ट्रस्टियों को बाध्य नहीं किया जाना चाहिए. इसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि महाराष्ट्र सार्वजनिक ट्रस्ट अधिनियम में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है. इसलिए तत्काल प्रभाव से यह प्रक्रिया बंद कर दी गई है.
 
ट्रस्टियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को मिलेगी राहत

इस सर्कुलर से ट्रस्टियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बड़ी राहत मिलेगी. हालांकि, संस्था के प्रबंधकों को चाहिए कि वे ऑनलाइन अपलोड की गई ऑडिट रिपोर्ट का पूरा सेट और उसकी प्राप्ति रसीद भविष्य के संदर्भ के लिए संस्था के कार्यालय में सुरक्षित संभालकर रखें. - एड. शिवराज कदम जहागीरदार पूर्व अध्यक्ष, पब्लिक ट्रस्ट प्रैक्टिसनर्स एसोसिएशन, पुणे