‌‘देवी मां‌’ के स्वागत को सजा शहर, गूंजेंगे जयकारे

शारदीय नवरात्र आज से, देवी मंदिर फूलों व रोशनी से सजे,घटस्थापना हेतु बाजारों में उमड़ी भीड़

    11-Oct-2026
Total Views |
CDAFC
  पुणे, 10 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 मां दुर्गा की आराधना, भक्ति के गीत और गरबा-डांडिया की उमंग... शारदीय नवरात्रि के स्वागत के लिए पुणे पूरी तरह तैयार है. रविवार, 11 अक्टूबर को आेिशन शुक्ल प्रतिपदा के शुभ अवसर पर नवरात्रि का शुभारंभ होगा. शहर के देवी मंदिरों से लेकर घरों तक घटस्थापना की तैयारियां पूरी कर ली गई ह्‌ैं‍. शनिवार देर रात तक मंदिरों और सार्वजनिक नवरात्रि मंडलों में उत्सव की तैयारियां चलती रहीं. कहीं मंदिर फूलों से सजाए गए, तो कहीं आकर्षक विद्युत रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा. नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, शक्ति और सामाजिक एकता का उत्सव भी है. शहर में मां दुर्गा के स्वागत को लेकर भक्तों में खास उत्साह दिखाई दे रहा है. परंपरा के अनुसार घर-घर और देवी मंदिरों में घटस्थापना की जाएगी. इसके लिए शनिवार को तुलसीबाग में फूलों, महात्मा फुले मंडई में सब्जियों और पूजा की अन्य सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी. लक्ष्मी रोड के सर्राफा बाजार में भी सोने-चांदी के आभूषण खरीदने वालों की चहल-पहल रही. सुबह से शुरू होंगे पूजा-अर्चना के अनुष्ठान शारदीय नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 4:56 बजे से दोपहर 1:35 बजे तक रहेगा. इस अवसर पर देवी मंदिरों में मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी. मां को सुंदर वस्त्र और आभूषण पहनाकर षोडशोपचार पूजा की जाएगी. घटस्थापना और आरती के बाद महानैवेद्य अर्पित किया जाएगा. भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर दिनभर खुले रहेंगे. नवरात्रि के दौरान मंदिरों में भजन, धार्मिक स्तोत्रों का पाठ और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सार्वजनिक मंडलों ने भी दस दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारी की है. कई स्थानों पर महिलाओं के लिए भोंडला, गरबा और डांडिया कार्यक्रम होंगे. कुछ मंडलों और संस्थाओं की ओर से समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा. नगाड़ों की गूंज, बैंड की धुन और ढोल-ताशा पथकों के साथ देवी की स्थापना यात्रा निकाली जाएगी. इन आयोजनों से शहर में उत्सव का माहौल और अधिक भक्तिमय होने की उम्मीद है. देवी के आभूषणों से लेकर भोग की सामग्री तक खरीदारी नवरात्रि के अवसर पर बाजारों में पूजा सामग्री के साथ देवी के लिए आभूषणों की खरीदारी भी जोर पकड़ रही है. परंपरा के अनुसार, कई परिवार घर में घटस्थापना के लिए चांदी के टाक और देवी की प्रतिमाएं खरीदते हैं. सार्वजनिक मंडलों और मठ-मंदिरों की ओर से भी देवी के लिए विशेष आभूषण बनवाए जाते ह्‌ैं‍. इन्हीं आभूषणों के तैयार होने और ऑर्डर की आपूर्ति के चलते लक्ष्मी रोड के सर्राफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी. देवी को भोग लगाने के लिए मिठाइयों और विभिन्न पकवानों की खरीदारी भी की जा रही है. बाजार में उत्सव की रौनक के बीच दुकानदारों को अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है. विक्रेता धनंजय घोलप ने बताया कि नवरात्रि के कारण बाजार में उत्साह का माहौल है. लोग भी उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रकार की वस्तुएं खरीद रहे हैं और वस्तुओं के भाव स्थिर हैं. वहीं, तृप्ति चौहान ने बताया कि उनका परिवार कुलाचार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार नवरात्रि मनाता है. घटस्थापना की परंपरा निभाने के लिए जरूरी पूजा सामग्री की खरीदारी की जाती है. मां दुर्गा के आगमन के साथ पुणे में अगले दस दिनों तक भक्ति, शक्ति और उत्सव का संगम देखने को मिलेगा. मंदिरों में आरती, घरों में घटस्थापना और मंडलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच श्रद्धालु मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करेंगे.
 
मंदिरों में दस दिनों तक रहेगी उत्सव की धूम

पुणे के ग्रामदेवता तांबड़ी जोगेेशरी मंदिर, चतुःश्रृंगी देवी मंदिर, भवानीमाता मंदिर, काली जोगेेशरी मंदिर, पीली जोगेेशरी मंदिर, पद्मावती देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, तलजाई माता मंदिर, वाघजाई देवी मंदिर, वनदेवी मंदिर, अष्टभुजा देवी मंदिर और महालक्ष्मी मंदिर में दशहरे तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उत्सव के दौरान मंदिरों में आकर्षक फूलों की सजावट और विद्युत रोशनी की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन की अलग व्यवस्था भी की गई है. दस दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं के स्वयंसेवक भी निगरानी करेंगे. शहर के सार्वजनिक नवरात्रि मंडलों ने भी देवी की स्थापना के लिए विशेष तैयारियां की हैं.