नवरात्रि उत्सव के कारण साबूदाना और भगर की मांग बढ़ी

उत्पादन में गिरावट के कारण आवक हो रही कम; भगर के दाम में पिछले साल से दोगुनी हुई वृद्धि

    13-Oct-2026
Total Views |
 

vfsd
गुलटेकडी, 12 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 देश में चातुर्मास उपवास रखने का समय होता है. इन चार महीनों में आने वाले त्यौहारों और उत्सवों के अवसर पर लोग व्रत रखते हैं. जाहिर है, इस दौरान उपवास में उपयोग किए जाने वाले साबूदाने और भगर (वरई) की मांग काफी बढ़ जाती है. इस वर्ष भी स्थिति वैसी ही है. हालांकि, कम उत्पादन के कारण इस साल दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और अनुमान है कि यह तेजी कुछ समय तक बनी रहेगी. हर साल नवरात्रि का त्यौहार शुरू होने से पहले साबूदाना और भगर (वरई) की मांग बढ़ जाती है. हालांकि, इस साल कम बारिश होने के कारण साबूदाना और भगर के उत्पादन में भारी गिरावट आई है. इस वजह से बाजार में मांग की तुलना में आवक कम हो रही है. खास बात यह है कि भगर की कीमतें पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई हैं. बता दें कि बाजार में भगर (वरई) की आवक नाशिक से और साबूदाने की आवक तमिलनाडु के सेलम क्षेत्र से होती है. कंपनियों द्वारा दाम बढ़ाए जाने के कारण बाजार में व्यापारियों को भी बढ़े हुए दामों के अनुसार ही बिक्री करनी पड़ रही है. व्यापारियों ने जानकारी दी है कि मार्केट यार्ड स्थित भुसार बाजार में साबूदाने की रोजाना 60 से 80 टन आवक हो रही है, जबकि भगर की आवक 50 से 70 टन हो रही है. उनका कहना है कि पिछले वर्ष साबूदाना और भगर (वरई) का उत्पादन अच्छा हुआ था. इस कारण उनके दामों में भी वृद्धि नहीं हुई थी. हालांकि, इस वर्ष उत्पादन घटने के बावजूद ग्राहकों की ओर से मांग लगातार बढ़ रही है. यदि मांग इसी तरह बढ़ती रही, तो कीमतों में और अधिक उछाल आने की संभावना है. आने वाले समय में दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्यौहार हैं. नवरात्रि में उपवास (व्रत) रखने वालों की संख्या अधिक होने के कारण उपवास की चीजों की मांग बनी रहेगी.  
 
साबूदाना और भगर के होलसेल बाजार भाव
 
साबूदाना --------------- प्रति क्विंटल
नंबर 1 ----------------- रु. 8,500
नंबर 2 ----------------- रु. 8,000
भगर ------------------- प्रति क्विंटल
नंबर 1 ---------------- रु. 22,500
नंबर 2 ---------------- रु. 21,000
त्यौहारों के कारण मांग बनी रहेगी

उत्पादन में गिरावट और बढ़ती मांग के कारण इस समय साबूदाना और भगर दोनों की कीमतें बढ़ी हुई हैं. त्यौहारों के इस समय में ग्राहकों की ओर से मांग बनी रहेगी, जिससे कीमतें ऊंची रहने की संभावना है. आने वाला समय भी त्यौहारों का ही है, इसलिए उपवास के इस दौर में ग्राहक अपनी आवश्यकता के अनुसार योजना बनाकर खरीदारी करें, ताकि उन्हें बढ़ती कीमतों का असर न पड़े. -आशीष दुगड़, साबूदाना और भगर व्यापारी, मार्केटयार्ड
 
vfsd