पुणे लोकमान्य फेस्टिवल नवरात्र उत्सव का शानदार आगाज : 25 तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

    13-Oct-2026
Total Views |
 
grg
नवी पेठ, 12 अक्टूबर (आ.प्र.)

 नवरात्रि उत्सव के अवसर पर शिवगर्जना प्रतिष्ठान की ओर से आयोजित ‌‘पुणे लोकमान्य फेस्टिवल नवरात्रि उत्सव 2026‌’ का भव्य उद्घाटन हुआ. लोकमान्यनगर, जॉगिंग पार्क के पास, नवी पेठ, पुणे में इस अवसर पर देवी की प्राणप्रतिष्ठा संपन्न हुई. शौर्य ढोल-ताशा पथक की शानदार प्रस्तुति ने उद्घाटन समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया. इस वर्ष महोत्सव का 29वां वर्ष है. परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए पुणेकरों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. महोत्सव के संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट गणेश सातपुते, निमंत्रक शुभांगी सातपुते और उत्सव अध्यक्ष डॉ. नरेश मित्तल के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रम नागरिकों के लिए निः शुल्क रखे गए हैं. पुणेकरों से परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है. महोत्सव के अंतर्गत 12 अक्टूबर को ‌‘साई दरबार‌’ 13 अक्टूबर को ‌‘पाव्हणं तुम्ही म्हणाल तसं‌’ लावणी कार्यक्रम और 14 अक्टूबर को ‌‘गीतों का सफर‌’आयोजित किया जाएगा. वहीं, 15 अक्टूबर को लोकप्रिय ‌‘होम मिनिस्टर‌’ कार्यक्रम होगा. 16 अक्टूबर को महाकाली तांडव नृत्य का लाइव शो, 17 अक्टूबर को महिलाओं के लिए रास रिदम गरबा नाइट 18 अक्टूबर को ग्रुप डांस और सोलो डांस प्रतियोगिता तथा 19 अक्टूबर को डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. 20 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर रावण दहन होगा, जबकि 25 अक्टूबर को कोजागिरी पूर्णिमा के अवसर पर ‌‘टेंशन खल्लास‌’नामक विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा.