पुणे, 12 अक्टूबर ( आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) दिग्गज अभिनेता शिवाजी गणेशन अभिनीत और प्रसिद्ध निर्देशक ए. पी. नागराजन द्वारा निर्देशित तीन ऐतिहासिक तमिल फिल्मों की 35 मिमी प्रिंट्स को राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार भारत (एनएफडीसी-एनएफएआई) के संग्रह में शामिल किया गया है. फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) की फिल्म रिसर्च ऑफिसर अपर्णा सुब्रमणियन ने इन फिल्म प्रिंट्स को एनएफडीसी-एनएफएआई को सौंपा. इस संग्रह में थिरुवरुत्चेल्वर (1967), थिल्लाना मोहनांबाल (1968) और थिरुविलयाडल (1965) शामिल हैं. इनमें थिरुवरुत्चेल्वर का विशेष महत्व है, क्योंकि इससे पहले इस फिल्म की किसी भी प्रारूप में प्रति एनएफएआई के पास उपलब्ध नहीं थी. इसके अलावा थिल्लाना मोहनांबाल और थिरुविलयाडल की एक-एक अतिरिक्त प्रिंट भी संग्रह में शामिल हुई है. एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदूम ने कहा कि भारतीय सिनेमाई विरासत के संरक्षण में संस्थागत संग्रहों के साथ-साथ उन व्यक्तियों और संगठनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है, जो पुरानी फिल्म सामग्री को सुरक्षित रखने के महत्व को समझते हैं. इन तीन महत्वपूर्ण तमिल फिल्मों के राष्ट्रीय संग्रह में शामिल होने से भारतीय सिनेमा की विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी. अपर्णा सुब्रमणियन ने बताया कि वह पिछले साढ़े तीन वर्षों से पुरानी फिल्म प्रिंट्स को खोजने और संग्रहित करने का कार्य कर रही हैं. जनवरी 2026 में उन्होंने रथकनीर (1954) की एक प्रिंट भी एनएफएआई को दान की थी. अपने संग्रह की महत्वपूर्ण प्रिंट्स को उचित संरक्षण सुविधाओं वाले सार्वजनिक अभिलेखागार को सौंपना उनके प्रयासों का उद्देश्य है.