महाराजा अग्रसेन के जीवन से सेवा, सहयोग और एकता का संदेश

वाकड़ में अग्रसेन जयंती समारोह में प्रसिद्ध उद्योजक नितिन अग्रवाल का प्रतिपादन

    13-Oct-2026
Total Views |

dfd 
 
वाकड़, 12 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज (पार्क स्ट्रीट, वाकड़) द्वारा आयोजित अग्रसेन जयंती समारोह में वरिष्ठ उद्योजक और ‌‘विजय लक्ष्मी स्टील्स‌’ के संचालक नितिन अग्रवाल ने कहा कि, महाराजा अग्रसेन का जीवन समाज को सेवा, सहयोग और एकता का संदेश देता है. हम प्रभु श्री राम के वंशज हैं. हमारे परदादाओं, दादाओं और पिता ने हमें जो संस्कार दिए हैं, उन्हीं संस्कारों और परंपराओं को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य है. इन्हीं संस्कारों को अपनी अगली पीढ़ी और बच्चों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हम हर साल महाराजा अग्रसेन जी की जयंती बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाते हैं. रविवार (11 अक्टूबर) को यह धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम मनाया गया. इस कार्यक्रम में भव्य रथ यात्रा, माता की चौकी व जागरण और डांडिया उत्सव मुख्य आकर्षण रहे. इस अवसर पर उद्योजक कृष्णकुमार गोयल, प्रमुख आयोजक नितिन अग्रवाल, डॉ. अशोक अग्रवाल (ओम हॉस्पिटल), राजकुमार अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल और शांतनु अग्रवाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. समारोह के मुख्य अतिथि के प्रसिद्ध उद्यमी कृष्णकुमार गोयल ने कहा महाराजा अग्रसेन जी की विचारधारा केवल किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समानता, सहयोग और आपसी सम्मान की भावना को बढ़ावा देने वाली है. उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को अधिक संगठित और सशक्त बनाया जा सकता है. अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है. भोसरी स्थित ओम हॉस्पिटल के डॉ. अशोक ईेशर अग्रवाल ने कहा महाराजा अग्रसेन जी ने समाज में आपसी सहयोग, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया. उन्होंने ‌‘एक रुपया, एक ईंट‌’ की परंपरा के माध्यम से समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने और सामूहिक विकास में भागीदार बनने की प्रेरणा दी.
 
युवा पीढ़ी तक विचार पहुंचाने का प्रयास

इस कार्यक्रम के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और विचारों को आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया. धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की नई पीढ़ी को हमारी गौरवशाली परंपराओं, संस्कारों और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है. अग्रसेन जयंती के इस पावन अवसर पर अग्रवाल समाज के सभी लोगों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे अपना उपनाम (सरनेम) केवल ‌‘अग्रवाल‌’ ही लिखें और उसके आगे कोष्ठक (ब्रैकेट) में अपना गोत्र लिखें. - नितिन अग्रवाल प्रमुख आयोजक, अग्रसेन जयंती समारोह