मंडी में फर्जी लाभार्थियों को दुकानें बांटने का प्रयास विफल करें : काशीनाथ नखाते

    15-Oct-2026
Total Views |
 
Sanghatna
चिखली, 14 अक्टूबर (आ.प्र.)
पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के घरकुल परिसर स्थित मंडी में मूल और प्रामाणिक (असली) विक्रेताओं काे नजरअंदाज कर, अपने आर्थिक हिताें के चलते कथित फर्जी लाभार्थियाें काे दुकानें/ गाले आवंटित करने का प्रयास किया जा रहा है. यह गंभीर आराेप महाराष्ट्र फेरीवाला क्रांति महासंघ ने लगाया है. इस कथित गड़बड़ी का विराेध करने के लिए महासंघ की ओर से मनपा के ‘फ’ क्षेत्रीय कार्यालय पर धावा बाेलकर प्रशासन से जवाब मांगा गया.
 
चिखली प्राधिकरण के घरकुल परिसर में पिंपरी-चिंचवड़ मनपा द्वारा वर्ष 2021 में सेक्टर क्रमांक 17 और 19 में बस स्टाॅप के पास लगभग 72 विक्रेताओं काे व्यवसाय के लिए जगह उपलब्ध कराई गई थी. इस जगह पर विक्रेता पिछले कई वर्षाें से अपना व्यवसाय कर रहे हैं. हालांकि, परिसर में कीचड़ जमा हाेने, सांप निकलने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हाेने के कारण विक्रेताओं ने संबंधित जगह का कांक्रीटीकरण करने और परिसर की मरम्मत की मांग की थी. काम पूरा हाेने के बाद अब विक्रेताओं का पुनर्वसन करते समय 21 प्रामाणिक विक्रेताओं काे दरकिनार कर 25 कथित फर्जी विक्रेताओं काे शामिल किया जा रहा है. यह आराेप महाराष्ट्र फेरीवाला क्रांति महासंघ के अध्यक्ष तथा कामगार नेता काशीनाथ नखाते ने लगाया है.नखाते ने कहा संबंधित गाला आवंटन में पारदर्शिता और कानूनी नियमाें का पालन नहीं किया गया है.