LIC का तीन नया बीमा प्लान लांच, कैंसर के इलाज से पेंशन तक की सुविधा
कैंसर कवर में 50 लाख रुपये तक की बीमित राशि, हेल्थ शील्ड से पूरे परिवार को मिलेगी स्वास्थ्य सुरक्षा
15-Oct-2026
Total Views |
मुंबई, 14 अक्टूबर (आ. प्र.) एलआईसी ने तीन नए बीमा प्लान पेश किए हैं. इनमें दो स्वास्थ्य बीमा योजनाएं और एक निवेश आधारित पेंशन प्लान शामिल है. इन योजनाओं के नाम न्यू जीवन धारा-2, हेल्थ शील्ड और कैंसर कवर हैं. एलआईसी के अनुसार, न्यू जीवन धारा-2 एक गैर-भागीदारी, गैर-संबद्ध व्यक्तिगत बचत योजना है. इसमें पॉलिसी की शर्तों के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन के रूप में गारंटीशुदा आय हर महीने मिलेगी. हेल्थ शील्ड के तहत पूरे परिवार को स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा मिलेगी. इसमें अस्पताल में भर्ती होने पर प्रतिदिन निश्चित नकद राशि के साथ बड़ी सर्जरी और गंभीर बीमारियों की स्थिति में एकमुश्त राशि देने का प्रावधान है. पॉलिसी अवधि के दौरान प्रीमियम की दरें सुनिश्चित रहेंगी. ङ्गकैंसर कवरफ के तहत कैंसर की निर्धारित शुरुआती और गंभीर अवस्था का पता चलने पर निश्चित वित्तीय लाभ मिलेगा. यह राशि वास्तविक इलाज खर्च पर निर्भर नहीं करेगी. उम्र संबंधी पात्रता के आधार पर न्यूनतम मूल बीमित राशि 15 लाख से 35 लाख रुपये तक होगी. पहले से ली गई सभी पॉलिसियों को मिलाकर अधिकतम बीमित राशि 50 लाख रुपये होगी.तीनों योजनाएं 19 अक्टूबर को बाजार में उतारी जाएंगी. प्रीमियम का निर्धारण बीमाधारक की आयु, स्वास्थ्य स्थिति और अन्य कारकों के आधार पर किया जाएगा.