वाईसीएम हॉस्पिटल ने दो कर्मचारियों को किया सस्पेंड

चलती एम्बुलेंस से बुजुर्ग मरीज के गिरने पर ड्राइवर व वार्ड बॉय को हटाया

    15-Oct-2026
Total Views |

WardBoy 
संत तुकारामनगर, 14 अक्टूबर
पिंपरी-चिंचवड मनपा ने यशवंतराव चव्हाण मेमाेरियल (वाईसीएम) हाॅस्पिटल के एक एम्बुलेंस ड्राइवर और एक वार्ड बाॅय काे सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है. आगे के इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल ले जाते समय एक बुजुर्ग मरीज चलती एम्बुलेंस से सड़क पर गिर गया था. इस गंभीर लापरवाही के बाद प्रशासन ने ड्राइवर अजीतकुमार भगत और वार्ड बाॅय गजानन ठाेंबरे के खिलाफ निलंबन के आदेश जारी किए. घायल मरीज का वर्तमान में ससून अस्पताल में आगे का इलाज चल रहा है. मनपा अधिकारियाें ने कहा मुख्य सवाल यह है कि क्या बुनियादी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया था. मनपा के अतिरिक्त स्वास्थ्य और चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अभयचंद्र दाडेवार ने कहा प्रशासन यह जांच कर रहा है कि क्या एम्बुलेंस रवाना करने से पहले सुरक्षा जांच की गई थी.
 
बुजुर्ग मरीज की हालत गंभीर थी और वाईसीएम अस्पताल के डाॅक्टराें ने उसे बेहतर इलाज के लिए ससून अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी थी. उसे एम्बुलेंस के अंदर स्ट्रेचर पर लिटाया गया और वाहन पुणे के लिए रवाना हुआ. लेकिन, मरीज की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार कर्मचारी यह सुनिश्चित करने में विफल रहे कि पिछला दरवाजा ठीक से बंद था.
 
जब एम्बुलेंस तेज गति से चल रही थी, उसी दाैरान दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे बुजुर्ग मरीज स्ट्रेचर के साथ सड़क पर जा गिरा. बीच सड़क पर मरीज के गिरने का दृश्य देखकर लाेगाें के हाेश उड़ गए. लाेगाें ने बताया कि, ड्राइवर काे यह अहसास नहीं हुआ कि मरीज गिर गया है और एम्बुलेंस कुछ दूर तक आगे बढ़ती रही. वाहन के पीछे हंगामा देखकर और यह जानकर कि मरीज सड़क पर है, चालक ने एम्बुलेंस काे पीछे लिया. ड्राइवर और वार्ड बाॅय ने जल्दबाजी में घायल बुजुर्ग व्यक्ति काे वापस एम्बुलेंस में उठाया और ससून अस्पताल की ओर रवाना हुए.