सारसबाग, 15 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
या देवी सर्वभूतेषु, शक्तिरूपेण संस्थिता... नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः... इन मंगल स्वरों से गुरुवार (15 अक्टूबर) को महालक्ष्मी मंदिर परिसर गूंज उठा. श्री महालक्ष्मी मंदिर (सारसबाग) की ओर से सार्वजनिक नवरात्रोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर में बाल शिशु मंदिर और समर्थ विद्या मंदिर प्राथमिक विद्यालय की 108 बच्चियों के ‘कन्या पूजन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. गौरतलब है कि कन्या पूजन नवरात्रि पूजा का एक अनिवार्य हिस्सा है, जिसमें छोटी बच्चियों को देवी दुर्गा के नौ रूपों का प्रतीक मानकर उनकी देवी के रूप में पूजा की जाती है. इस कार्यक्रम में अभिनेत्री पूजा पवार, अपूर्वा सपकाल, मंदिर ट्रस्ट की प्रमुख ट्रस्टी अमिता अग्रवाल, ट्रस्टी व उत्सव प्रमुख डॉ. तृप्ति अग्रवाल, ट्रस्टी प्रवीण चोरबेले आदि उपस्थित कन्या पूजन के दौरान बच्चियों की आरती उतारी गई. उन पर सुगंधित अत्तर का पानी छिड़ककर उनके चरण धोए गए (पादपूजन किया गया). इसके ही, ट्रस्ट की ओर से सभी च्चयों को खाने की चीजें और उपहार दिए गए. देवी के जयकारों के बीच देवी स्वरूप छोटी बच्चियों ने जब अपनी पूजा होते हुए यह दृश्य देखा, तो उस समय एक नन्हीं बच्ची के चेहरे की खुशी कुछ अलग ही थी. प्रमुख ट्रस्टी अमिता अग्रवाल ने कहा कि श्री महाकाली, श्री महालक्ष्मी और श्री महासरस्वती- इन त्रिदेवी (आदिशक्ति) का पवित्र अधिष्ठान श्री महालक्ष्मी मंदिर में है. उन्होंने कहा शक्ति, बुद्धि और धन-धान्य देने वाली माताओं के रूप अलग- अलग हैं और ये रूप छोटी बच्चियों में ही दिखाई देते हैं. कन्या देवी का स्वरूप होती है. हालांकि, बच्चियों को केवल पूजा तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में बहादुरी से काम करना चाहिए. उन्हें खूब पढ़कर आगे बढ़ना चाहिए, तभी सच्चे अर्थों में देवी प्रसन्न होंगी.
नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं हेतु आज से मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर
श्री महालक्ष्मी मंदिर (सारसबाग) और हरजीवन अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में नवरात्र उत्सव के पावन अवसर पर महिलाओं के लिए एक मुरत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है. इसके साथ ही, रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर 16 से 19 अक्टूबर की अवधि में सारसबाग के सामने स्थित हरजीवन हॉस्पिटल में आयोजित किया जाएगा. ट्रस्ट की ओर से जानकारी दी गई है कि शिविर का संयोजन डॉ. सागर रोकड़े पाटिल के साथ मंदिर के सभी न्यासियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर किया है. इस शिविर में नाड़ी (पल्स), रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), ेशसन दर (सांस लेने की गति), शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन का स्तर और ब्लड शुगर की जांच की जाएगी. इसके साथ ही संपूर्ण सीबीसी, थायराइड कार्यप्रणाली, लिपिड प्रोफाइल, कैल्शियम, यूरिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे खून के परीक्षणों की सुविधा भी उपलब्ध होगी. महिलाओं के लिए रविवार (18 अक्टूबर) को मैमोग्राफी, वहीं 17 और 18 अक्टूबर को हड्डियों के घनत्व (बोन डेंसिटी) की जांच की जाएगी. इसके साथ ही 16 से 19 अक्टूबर के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है. आयोजकों द्वारा महिलाओं से अनुरोध किया गया है कि वे इस नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाएं. पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए 75175 69929 नंबर पर संपर्क करें.