बिबवेवाडी, 15 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित पहली राष्ट्रकुल शालेय शतरंज अजिंक्यपद प्रतियोगिता में भारत के क्रिशव कवित शाह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है. पंद्रह वर्ष से कम आयु वर्ग में पहला स्थान प्राप्त करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया. खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 4 पदक जीतकर क्रिशव ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. कुआलालंपुर में 4 से 12 अक्टूबर के दौरान इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था. राष्ट्रमंडल शतरंज संघ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत सहित मलेशिया, श्रीलंका, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, केन्या, बांग्लादेश, पाकिस्तान, कनाडा, नामीबिया, ब्रूनेई और स्कॉटलैंड जैसे 13 देशों के 293 युवा शतरंज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से उसके भावी खेल करियर को एक नई दिशा मिलेगी. इस सफलता पर क्रिशव के परिवारजनों ने उन्हें बधाई दी. भविष्य में भी वह इसी तरह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर भारत का नाम रोशन करे, ऐसी शुभकामनाएं सभी लोग दे रहे हैं.
बुद्धिमत्ता, एकाग्रता और सटीक निर्णय क्षमता इस प्रतियोगिता में क्रिशव ने पंद्रह वर्ष से कम आयु वर्ग (अंडर-15) में अपनी बुद्धिमत्ता, एकाग्रता और सटीक निर्णय क्षमता के बल पर शानदार सफलता हासिल की. विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए उसने जो आत्मवेिशास और धैर्य दिखाया, उससे उसकी इस सफलता का महत्व और बढ़ गया है.