बिबवेवाड़ी, 15 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
मां आशापुरा माता मंदिर में नवरात्र उत्सव में गुरुवारको सामूहिक श्री सूक्त पाठ का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम महावीर इंग्लिश मीडियम स्कूल और रसिकलाल माणिकचंद धारिवाल इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत देवी की आराधना के साथ हुई. विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और उत्कृष्ट मूल्यों का सिंचन व संस्कार हो, इस उद्देश्य से मां आशापुरा माता मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस सामूहिक पाठ का आयोजन किया गया था. दोनों विद्यालयों के छात्रों ने अत्यंत अनुशासित तरीके से और शुद्ध उच्चारण के साथ ‘श्री सूक्त’ का पाठ किया. इस अवसर पर मां आशापुरा माता चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख विजय भंडारी, चेतन भंडारी, विजयकांत कोठारी, आदेश खिंवसरा, श्याम खंडेलवाल, राजेंद्र गोयल, विजय भटेवरा, नितिन ओस्तवाल एवं अन्य पदाधिकारी, दोनों विद्यालयों के शिक्षक तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
विद्यार्थियों में एकाग्रता व मानसिक शांति
श्री सूक्त के पाठ से विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ती है और मानसिक शांति का निर्माण होता है. इसी कारण हर साल नवरात्रि के उत्सव में विद्यार्थियों की उपस्थिति में श्री सूक्त पाठ का आयोजन किया जाता है. निष्पाप और शुद्ध भाव वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति के कारण, उन्हें भी नवरात्रि उत्सव में माता का आशीर्वाद मिलने का आनंद प्राप्त हुआ है. - विजय भंडारी, अध्यक्ष, मां आशापुरा माता मंदिर ट्रस्ट