‌‘कैश्युरिना एडवेंचर एक्स 2.0‌’ साहसिक दौड़ 28-29 नवंबर को होगी

साइकिलिंग, ट्रेकिंग और कयाकिंग सहित कई खेलों का आयोजन; 120 किलोमीटर का सह्याद्रि एक्सपीडिशन मुख्य आकर्षण

    16-Oct-2026
Total Views |

fcdsf


 पुणे, 15 अक्टूबर (आ.प्र.)

शारीरिक फिटनेस, साहस और सहनशक्ति के अनूठे संगम वाली बहुविध खेलों पर आधारित साहसिक दौड़ कैश्युरिना एडवेंचर एक्स 2.0 के दूसरे संस्करण का आयोजन लाइफफिट स्पोर्ट्ज और कैश्युरिना की ओर से किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता 28 और 29 नवंबर 2026 को भोर स्थित भाटघर बांध के मनोरम प्राकृतिक क्षेत्र में कुरुंजी के कैश्युरिना रिसॉर्ट पार्क में आयोजित होगी. इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता सचिन खेडेकर, प्रसिद्ध पर्वतारोही उमेश झिरपे, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) के वरिष्ठ प्रबंधक हनुमंत हेडे, गंगोत्री होम्स के संचालक गणेश जाधव, राजेंद्र आवटे और लाइफफिट स्पोर्ट्ज के संस्थापक निदेशक महेंद्र लोकरे उपस्थित थे. यह प्रतियोगिता प्रतिभागियों को सहनशक्ति, साहस, टीम भावना, दिशाज्ञान और प्रकृति के बीच रोमांचक सफर का अनूठा अनुभव प्रदान करेगी. सह्याद्रि की पर्वत शृंखलाओं, पथरीले रास्तों, ऐतिहासिक किलों के आसपास के क्षेत्रों और भाटघर बांध के मनोरम जलाशयों के निकट आयोजित होने वाली यह स्पर्धा साइकिल चालकों, धावकों, पर्वतारोहियों, फिटनेस प्रेमियों और साहसिक खेलों के शौकीनों के लिए विशेष आकर्षण होगी. प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण 120 किलोमीटर लंबी सह्याद्रि एक्सपीडिशन होगी. इस चुनौतीपूर्ण अभियान में साइकिलिंग, दौड़, ट्रेकिंग, कयाकिंग, नदी पार करना तथा नक्शे और कंपास की सहायता से दिशा निर्धारित करना (ओरिएंटियरिंग) जैसी गतिविधियां शामिल होंगी. प्रतियोगिता के पूरे मार्ग पर दिशा बताने वाले संकेत उपलब्ध नहीं होंगे. प्रतिभागी टीमों को नक्शे और कंपास की मदद से विभिन्न चेकपॉइंट्स खोजते हुए आगे बढ़ना होगा. इस दौरान शारीरिक क्षमता के साथ-साथ उचित योजना बनाने, निर्णय लेने, दिशा पहचानने के कौशल और टीम के सदस्यों के बीच समन्वय की भी परीक्षा होगी. इस मुख्य अभियान को पूरा करने के लिए अधिकतम 24 घंटे की समयसीमा निर्धारित की गई है. भाग लेने वाली टीमों को अपनी योजना स्वयं बनानी होगी.