देशभर के 100 छात्रों को मिला इसरो जाने का मौका
‘कलाम स्ट्रीम चैलेंज 2026’ के माध्यम से छात्रों के सपने होंगे साकार !
17-Oct-2026
Total Views |
पिंपरी, 16 अक्टूबर (आ.प्र.) देशभर के स्कूलों व कॉलेजों के 252 शोध दलों की भागीदारी वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ‘कलाम स्ट्रीम चैलेंज 2026’ को विद्यार्थियों का शानदार प्रतिसाद मिला. पिंपरी स्थित एएसएम शैक्षणिक संकुल में आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से 100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन श्रीहरिकोटा स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के शैक्षणिक दौरे के लिए किया गया. पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इसका आयोजन हुआ. समारोह में इसरो के वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिन्हा, डॉ. कलाम के परिजन शेख दाऊद व शेख फजलू रहमान, आईआईएसईआर के डॉ. अरविंद नातू और एएसएम समूह के अध्यक्ष डॉ. संदीप पाचपांडे मौजूद थे. वक्ताओं ने विद्यार्थियों को समाजोपयोगी नवाचार, एआई और क्वांटम तकनीक को अपनाने तथा असफलताओं से सीख लेकर निरंतर शोध करने हेतु प्रेरित किया. समारोह में ‘कलाम्स एंजल’ फिल्म का टीजर और डॉ. कलाम पर आधारित पुस्तकों का विमोचन किया गया. विद्यार्थियों ने हरित ऊर्जा, सौर ऊर्जा, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृषि, स्वास्थ्य, रोबोटिक्स व रक्षा जैसे क्षेत्रों से जुड़े अपने नवाचारी प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए. विजेताओं की घोषणा करते हुए स्नातकोत्तर वर्ग में शर्वरी पाटिल (प्रथम- थायाजोलिडिनडायोन डेरिवेटिव) और आफताब गड़करी (द्वितीय- माइक्रोवेव असिस्टेड ड्रग सिंथेसिस) को सम्मानित किया गया. वहीं स्नातक (यूजी) वर्ग में रुचिता तावड़े (प्रथम- निर्भया अलर्ट), ओम डांगरे (द्वितीय- एआई फार्मासिस्ट) तथा ज्ञानेश्वरी (तृतीय- स्मार्ट कैंपस) ने शीर्ष स्थान हासिल किया.