विश्रांतवाड़ी, 16 अक्टूबर (आ.प्र.) अग्रवाल समाज ट्रस्ट, विश्रांतवाड़ी, पुणे द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 एवं माता की चौकी का आयोजन बड़े उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ संपन्न हुआ. दो दिवसीय इस आयोजन में समाज के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम ने समाज की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की सुंदर झलक प्रस्तुत की. जयंती महोत्सव के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रीति अग्रवाल, पोस्टमास्टर जनरल, पुणे रीजन तथा आई.के. गोयल, अध्यक्ष, पुणे अग्रवाल समाज एवं चेयरमैन, प्रिस्टीन ग्रुप की गरिमामयी उपस्थिति रही. अतिथियों ने महाराजा अग्रसेनजी के आदर्शों, समाजसेवा, समानता, उद्यमशीलता और सामाजिक एकजुटता के महत्व पर प्रकाश डाला.कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, महाराजा अग्रसेनजी के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित विशेष नृत्य-नाटिका, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान तथा क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के सम्मान ने आयोजन को यादगार बनाया. नृत्य-नाटिका के माध्यम से महाराजा अग्रसेनजी की शिक्षाओं को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया. सम्पूर्ण पुणे शहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया. अग्रवाल समाज ट्रस्ट के कार्यकारिणी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. महिला कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और संचालन में सक्रिय योगदान दिया. आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रायोजकों, दानदाताओं एवं समाजबंधुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा समाज के प्रत्येक सदस्य का योगदान महत्वपूर्ण है. एक रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक का हर सहयोग समान रूप से सम्माननीय है और इन्हीं सामूहिक प्रयासों से ऐसे भव्य आयोजन संभव हो पाते हैं. अग्रवाल समाज विश्रांतवाडी की एकता, संस्कृति, सेवा और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के संकल्प के साथ भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियाँ आयोजित करता रहेगा.