पुणे, 16 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) दीपावली के अवसर पर डाकघर से दिवाली फराल, मिठाइयां और उपहार के पार्सल भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. नागरिक दिवाली की पार्सल बुकिंग डाक विभाग के किसी भी कार्यालय से कर सकते हैं और पार्सल पैकिंग की सुविधा डाक विभाग द्वारा शहर के बड़े डाक कार्यालयों में की गई है. यह सुविधा 14 अक्टूबर से 28 नवंबर तक रहेगी. यह जानकारी पुणे डाक विभाग की पोस्ट मास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में दी. डाक सेवा निदेशक अभिजीत बनसोडे और अन्य वरीष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. दिवाली के अवसर पर पुणे डाक विभाग ने एक अभिनव पहल शुरू की है. 2023 में 1011 पार्सल्स, 2024 में 1847 पार्सल्स, 2025 में 2603 पार्सल्स डाक विभाग द्वारा विदेश में भेजी गई थीं. बहुत कम कीमत में पैकिंग करके उचित दरों पर विदेश भेजने की व्यवस्था की गई है. जो नागरिक अपने दैनिक कामकाज से समय निकालकर डाकघर नहीं आ सकते, उनके लिए घर से दिवाली मिठाइयां,फराल का पार्सल लेने की सुविधा भी डाक विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई है. इसके लिए डाकिया घर आकर पार्सल निः शुल्क ले जाएगा. यह जानकारी पोस्ट मास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने दी. उन्होंने कहा कि, विदेश में रहने वाले हर व्यक्ति के लिए दिवाली मनाने भारत और पुणे आना संभव नहीं होता. इस बात को ध्यान में रखते हुए, दुनिया भर में रहने वाले प्रियजनों को दिवाली की मिठाइयां, उपहार भेजकर उनकी दिवाली की खुशी दोगुनी करने के लिए पुणे डाक विभाग ने इन पार्सलों को विदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाई है. पुणे शहर के जी.पी.ओ., पुणे शहर मुख्य डाकघर, चिंचवड ईस्ट, मार्केट यार्ड, पर्वती तथा अन्य बड़े डाकघरों में दिवाली फराल,मिठाइंयों के डिब्बों की पैकिंग के लिए उपकरण लगाए गए हैं. नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठाएं. दिवाली तक निःशुल्क पिकअप सेवा के लिए नागरिक 7028007223 और 8421372317 पर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संपर्क कर सकते हैं.
कैम्प एरिया और राजगुरूनगर में नए पीओपीएसके खुलेंगे
पुणे डाक विभाग के अंतर्गत पिंपरी-चिंचवड, पंढरपुर, श्रीरामपुर, अहिल्यानगर, शिरूर, सोलापुर, सातारा, बारामती, माढा इन 9 जगहों पर पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र(पीओपीएसके) है. शहर के कैम्प एरिया और राजगुरूनगर में ऐसे दो और नए पीओपीएसके जल्द ही खोले जाएंगे. हमने जगह का सर्वे भी किया है. साथ ही मुंबई और चेन्नई से स्पीड पोस्ट और पार्सल की सेवा 24 घंटे में उपलब्ध कराई जाएगी. यह भी जानकारी पोस्ट मास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने दी.