प्रवाह के स्टॉल्स काे पहले ही दिन मिला जबरदस्त रिस्पांस

    17-Oct-2026
Total Views |

ger
अग्रवाल समाज (पुणे) द्वारा आयोजित ‌‘प्रवाह-2026 बिजनेस एक्सपो‌’ में लगाए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल्स को पहले ही दिन शानदार रिस्पांस मिला. शुक्रवार (16 अक्टूबर) को कामकाजी दिन होने के बावजूद लगभग ढाई हजार से अधिक लोगों ने एक्सपो का दौरा किया और इसमें हिस्सा लिया. व्यापार, उद्योग, स्वास्थ्य, महिला उद्यमिता, नेटवर्किंग और नई पीढ़ी को जोड़ने के व्यापक उद्देश्य से यह बिजनेस एक्सपो डेक्कन कॉलेज ग्राउंड में 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित किया गया है. एक्सपो में एसी और नॉन-एसी मिलाकर 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं. इनमें बिल्डर्स, बिल्डिंग मटेरियल, इंटीरियर, सप्लायर्स, कपड़े, यूनिफॉर्म, इमिटेशन ज्वेलरी, खाद्य पदार्थ, नेट, स्टील कंपनियों और शिक्षा से जुड़े स्टॉल शामिल हैं. इन स्टॉल्स के माध्यम से लोगों को विभिन्न उत्पादों के बारे में उपयोगी जानकारी दी जा रही है. ग्राहकों को उत्पादों की जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने की इस सकारात्मक पहल की लोग सराहना कर रहे हैं. एक्सपो में दो अलग-अलग पंडालों में बीटूबी और बीटूसी, दोनों प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं. बीटूबी क्षेत्र में विभिन्न उद्योगों से जुड़े लोग संभावित ग्राहकों के साथ नेटवर्किंग कर रहे हैं, वहीं बीटूसी क्षेत्र में ग्राहक अपनी पसंद की चीजों की खरीदारी कर रहे हैं.अग्रवाल समाज की ओर से पहली बार इस प्रकार के एक्सपो का आयोजन किया गया है. इसके माध्यम से समाज के कई उद्यमियों और घर से व्यवसाय करने वालों को अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक अच्छा मंच मिला है. उनके विशिष्ट उत्पादों की जानकारी समाज के लोगों तक पहुंच रही है. शनिवार और रविवार (17 और 18 अक्टूबर) को यह प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहेगी. यहां सभी के लिए प्रवेश निःशुल्क है.  
 
एक्सपो में लगे स्टॉल्स की ग्राहकों ने की सराहना

एक्सपो में आने वाले लोगों ने प्रतिक्रिया दी कि समाज में इस तरह की प्रदर्शनी और कार्यक्रम पहले कभी नहीं हुआ. मुंबई और दिल्ली में लगने वाली प्रदर्शनियों की तरह यहां भी बेहतरीन स्टॉल देखने को मिले. कुछ स्टॉल्स पर स्वयं मालिक और मैनेजर मौजूद हैं, जो वहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उत्पादों के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं.