सोलापुर, 17 अक्टूबर (वि.प्र.) नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), सोलापुर के तत्वावधान में गत 13 अक्टूबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय द्वारा एक विशेष हिंदी कार्यशाला एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक डॉ. सुजीत मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक अंशुमाली कुमार और नराकास के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा संपर्क राजभाषा अधिकारी विशाल शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ. कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मध्य रेल (मुंबई मुख्यालय) की उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. विभावरी गोरे ने विभागीय कामकाजी प्रक्रियाओं पर मार्गदर्शन दिया. उन्होंने प्रतिभागियों को राजभाषा से जुड़ी तिमाही, छमाही और शील्ड रिपोर्ट सही और सुगम तरीके से भरने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की.
प्रतिभागी विजेताओं को तत्काल नकद पुरस्कार प्रदान कार्यशाला के उपरांत नराकास सोलापुर के सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक ज्ञानवर्धक हिंदी प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता के दौरान सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मौके पर ही नकद पुरस्कार देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया. इस पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी राजीव वलिवकर द्वारा किया गया. आयोजन के दौरान नराकास सोलापुर के सदस्य-सचिव भारत पोहरकर समेत विभिन्न सदस्य कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. कार्यक्रम को सुचारू और सफल बनाने में शिव साहब यादव और किरण माने ने विशेष योगदान दिया.