श्री अंबामाता मंदिर में नवरात्रोत्सव की धूम

पूजा, अभिषेक, भजन, डांडिया, भोंडला समेत ऑर्केस्ट्रा आदि का आयोजन

    18-Oct-2026
Total Views |

vdsgv  
कात्रज, 17 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 श्री अंबामाता मंदिर (सुखसागर नगर) में शारदीय नवरात्रोत्सव बड़े उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है. 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में श्रद्धा के साथ अनुशासन को बेहद अहम माना जाता है. रविवार (11 अक्टूबर) को घटस्थापना के बाद से मंदिर में पूजा, अभिषेक, भजन, डांडिया, भोंडला (एक पारंपरिक सांस्कृतिक खेल) और ऑर्केस्ट्रा जैसे विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. महिलाओं के लिए विशेष डांडिया का आयोजन यहां का विशेष है. मंदिर में प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 7:30 बजे आरती की जा रही है. पूरे दिन प्रसाद का वितरण किया जाता है. बता दें कि अष्टमी के दिन पूरे मंदिर में फूलों की आकर्षक सजावट की जाएगी और भक्तों को हलवा-पूरी का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा. मंदिर पर आकर्षक बिजली की सजावट की गई है. महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति के साथ रोजाना करीब 8 से 10 हजार भक्त दर्शन और प्रसाद का लाभ ले रहे हैं. हर साल की तरह इस इलाके के विभिन्न सार्वजनिक मंडलों की ओर से देवी को तोरण अर्पित किए जा रहे हैं. साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्तियों के हाथों यहां महाआरती की जाती है. इस नवरात्रि के दौरान मंदिर के ट्रस्टी राजेश राठी, मगराज राठी, रवींद्र राठी, महेश राठी और समस्त राठी परिवार के साथ-साथ सभी स्वयंसेवक और पुलिस मिलकर सभी कार्यक्रमों को भक्तिभाव, अनुशासन, सुव्यवस्थित योजना और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कर रहे हैं. मंदिर के ट्रस्टी मगराज राठी ने यह जानकारी दी कि महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से कतार की व्यवस्था की गई है. साथ ही पूरे मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों व सिक्युरिटी गार्ड्स की नियुक्ति की गई है. गौरतलब है कि स्वर्गीय धनराजजी मालचंदजी राठी द्वारा 1993 में श्री अंबामाता मंदिर की स्थापना की गई थी. पिछले 33 वर्षों से यहां नियमित रूप से पूजा और आरती हो रही है.