निगड़ी, 17 अक्टूबर (आ.प्र.) सुबह के अंधेरे में दिन की शुरुआत कर धूप, हवा, बारिश और ठंड जैसी किसी भी परिस्थिति में बिना रुके पाठकों के घरों तक अखबार पहुंचाने वाले समाचारपत्र विक्रेताओं का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. समाज में ज्ञान, विचार, जानकारी और जनजागृति पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य ये मेहनतकश विक्रेता प्रामाणिक रूप से करते हैं. उनके श्रम का सम्मान करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन दिलाने के लिए प्रयास करना समाज की जिम्मेदारी है, ऐसा प्रतिपादन महाराष्ट्र फेरीवाला क्रांति महासंघ के अध्यक्ष काशीनाथ नखाते ने किया. पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले समाचारपत्र विक्रेता दिवस के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र फेरीवाला क्रांति महासंघ और कष्टकरी संघर्ष महासंघ की ओर से पिंपरी-चिंचवड़ के निगड़ी परिसर के समाचारपत्र विक्रेता शुभांगी ढवलशंक, लता गोरे, नाना खटोकर और राजेंद्र कासट को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर समाचारपत्र विक्रेताओं के साथ-साथ महासंघों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.