‘तांडव नृत्य’ ने खींचा दर्शकों का ध्यान
पुणे लोकमान्य फेस्टिवल में महाकाली के उग्र और शक्तिशाली स्वरूप ने बांधा समां
18-Oct-2026
Total Views |
नवी पेठ, 17 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पुणे लोकमान्य फेस्टिवल में महाकाली तांडव डांस लाइव शो प्रमुख आकर्षण रहा. निर्माता अजिंक्य सालुंखे की अवधारणा से साकार हुए इस नृत्य कार्यक्रम में सोनाली पुणेकर ने दमदार प्रस्तुति दी. महाकाली के उग्र और शक्तिशाली स्वरूप का दर्शन कराने वाली इस प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया. कलाकारों ने महाकाली की प्रभावशाली वेशभूषा धारण की थी. हाथ में चांदी और सफेद रंग का भव्य त्रिशूल कलाकारों के रूप को और भी प्रभावशाली बना रहा था. इस वेशभूषा ने महाकाली के रौद्र स्वरूप को जीवंत कर दिया. पुणे लोकमान्य फेस्टिवल के संस्थापक-अध्यक्ष एडवोकेट गणेश सातपुते और उत्सव प्रमुख डॉ. नरेश मित्तल ने जानकारी दी कि मराठी और हिंदी गीतों की धुन पर कलाकारों ने अपनी नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से शक्ति, भक्ति और ऊर्जा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया. आकर्षक वेशभूषा, प्रभावशाली भाव- भंगिमाओं और जोशपूर्ण नृत्य के कारण कार्यक्रम में विशेष रंगत देखने को मिली. महाकाली के रूप में कलाकारों की प्रस्तुति और तांडव नृत्य की भव्यता इस शो की प्रमुख विशेषता रही.