सारसबाग, 18 अक्टूबर (आ.प्र.) श्री महालक्ष्मी मंदिर की ओर से नवरात्र उत्सव 2026 के अवसर पर आयोजित आंतरशालेय चित्रकला प्रतियोगिता में पांचवीं से सातवीं कक्षा के वर्ग में आराध्य लांडे तथा आठवीं से दसवीं कक्षा के वर्ग में सई लांडगे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. विशेष वर्ग में सार्थक सिंह ने प्रथम और अंश परचे ने द्वितीय स्थान हासिल किया. विजेताओं को कुल एक लाख छह हजार रुपये के पुरस्कार वितरित किए गए, जबकि दो विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. सारसबाग स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर पुलिस अधिकारी मिलिंद मोहिते, स्वप्ना गोरे, मंदिर के ट्रस्टी भरत अग्रवाल, उत्सव प्रमुख डॉ. तृप्ति अग्रवाल, एडवोकेट प्रताप परदेशी और प्रवीण चोरबेले उपस्थित थे. मंदिर के संस्थापक व मुख्य ट्रस्टी राजकुमार अग्रवाल तथा मुख्य ट्रस्टी अमिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ. ‘यदि जानवर बोल पाते’, ‘बिना दीवारों का पुस्तकालय’ और ‘दुनिया से कनेक्टेड, जिंदगी से डिस्कनेक्टेड’- ये तीन विषय छात्रों को दिए गए थे.