यूको बैंक का मुनाफा 27% बढ़कर 786 करोड़ हुआ

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन रहा

    19-Oct-2026
Total Views |
 
ghrg
 
मुंबई, 18 अक्टूबर (आ.प्र.)

यूको बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है. बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 26.77 प्रतिशत बढ़कर 786 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 620 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था. बैंक के कुल कारोबार में भी बढ़ोतरी हुई है और 30 सितंबर 2026 तक यह 6,37,280 करोड़ रुपये हो गया. इसके साथ ही बैंक की परिसंपत्तियों की गुणवत्ता में सुधार आया है. शुद्ध गैर- निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात घटकर 0.18 प्रतिशत रह गया है. बैंक के प्रबंध निदेशक राजेंद्र कुमार साबू और कार्यकारी निदेशक वीएन कांबले ने कोलकता में हुई पत्रकारवार्ता में दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों की जानकारी दी. बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, उसकी शुद्ध ब्याज आय सालाना आधार पर 13.96 प्रतिशत बढ़कर 2,886 करोड़ रुपये रही. वहीं, परिचालन लाभ में 16.04 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 1,872 करोड़ रुपये पहुंच गया. कुल अग्रिम यानी बैंक की ओर से दिए गए कर्ज में 24.70 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 2,87,690 करोड़ रुपये हो गया. बैंक का कुल जमा 14.36 प्रतिशत बढ़कर 3,49,590 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. बैंक के खुदरा, कृषि और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्रों को दिए गए कुल कर्ज में सालाना आधार पर 26.92 प्रतिशत की वृद्धि हुई. यह बढ़कर 1,68,736 करोड़ रुपये पहुंच गया. खुदरा कर्ज 30.23 प्रतिशत बढ़कर 76,817 करोड़ रुपये रहा. गृह ऋण में 20.29 प्रतिशत और वाहन ऋण में 61.91 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कृषि क्षेत्र को दिया गया कर्ज 29.59 प्रतिशत बढ़कर 41,014 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, एमएसएमई क्षेत्र का कर्ज 20.32 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 50,905 करोड़ रुपये रहा. इन आंकड़ों से पता चलता है कि बैंक के खुदरा और कारोबार से जुड़े कर्ज में भी विस्तार हुआ है. बैंक के कुल जमा में 14.36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 3,49,590 करोड़ तक पहुंच गया.