नवी पेठ, 18 अक्टूबर (आ.प्र.) नवरात्रि के उल्लास, गरबा की थाप और डांडिया की खनक के बीच पुणे लोकमान्य फेस्टिवल में आयोजित ‘रास रिदम गरबा नाइट’ में महिलाओं ने जमकर खुशियां बटोरी. गंमत जंमत इवेंट्स की ओर से आयोजित और चैताली माजगांवकर-भंडारी द्वारा प्रस्तुत इस कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना. कार्यक्रम में लाइव डांडिया ऑर्केस्ट्रा ने माहौल को संगीतमय बना दिया. पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने संगीत की धुन पर गरबा और डांडिया खेलते हुए उत्सव का आनंद लिया. डांडिया की ताल, संगीत की लय और महिलाओं की उमंग से कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का रंग छाया रहा.विशेष रूप से सिर्फ महिलाओं के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली. लाइव ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए. पुणे लोकमान्य फेस्टिवल के संस्थापक-अध्यक्ष एडवोकेट गणेश सातपुते और उत्सव प्रमुख डॉ. नरेश मित्तल ने बताया कि ‘रास रिदम गरबा नाइट’ पुणे लोकमान्य फेस्टिवल के सांस्कृतिक आयोजनों का आकर्षण रहा.