मुंबई, 1 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी की 60वीं वर्षगांठ के विशेष उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन मुंबई में हुआ. इसके तहत ‘जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर’ दो दिनों के लिए पूरी दुनिया के लिए एक संगम स्थल बना. यहां श्रीमद् राजचंद्र मिशन (धरमपुर) ने अहो गुरुदेव 60 ईयर्स ऑफ एन एनलाइटंड एक्जिस्टंस का आयोजन किया. इस दो दिवसीय आयोजन में पूज्य मोरारी बापू, पूज्य आनंदमूर्ति गुरुमां, स्वामी चिदानंद सरस्वतीजी, स्वामी स्वरूपानंदजी, बीके सिस्टर शिवानी, साध्वी भगवती सरस्वती और भिखु संघ सेनाजी सहित कई आदरणीय संत शामिल हुए. साथ ही दुनिया भर में सम्मानित आध्यात्मिक गुरु, मानवसेवी और श्रीमद् राजचंद्रजी के परम भक्त, आध्यात्मिक साधक इस भव्य समारोह में सम्मिलित हुए. कार्यक्रम में एक खास पल था 60 नई पहलों की घोषणा, जो आध्यात्मिक और सेवा परियोजनाओं के बीच बराबर बांटी गई थीं. इन सेवा परियोजनाओं की सूची में श्रीमद् राजचंद्र सर्वमंगल कैंसर अस्पताल, 60 नए श्रीमद् राजचंद्र लव एंड केयर सेंटर्स समेत महिला सशक्तिकरण, समुदाय व पर्यावरण से जुड़ी कई अन्य पहलें शामील थी. कार्यक्रम में आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी कुछ परियोजनाओं का अनावरण किया गया, जिसमें श्रीमद् राजचंद्रजी की महान कृति आत्मसिद्धि शास्त्र पर पूज्य गुरुदेवश्री की टीका 60 भाषाओं में, तथा 60 भाषाओं में श्री आत्मसिद्धि शास्त्र और पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी की एक विजुअल जीवनी शामिल हैं. बताया गया कि मुंबई में हुए इस पहले आयोजन के बाद, यह उत्सव पूरे भारत में और फिर विदेशों में - दुबई और लंदन से लेकर टोरंटो और अमेरिका के कई शहरों तक आयोजित किया जाएगा.
11 युवा साधकों ने लिया ब्रह्मचर्य का व्रत
इस आयोजन में पवित्र आत्मार्पित दीक्षा (संन्यास) समारोह भी हुआ, जिसमें 11 युवा साधकों ने ब्रह्मचर्य व्रत लिया. अहो गुरुदेव नामक एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवाओं की प्रस्तुतियों ने पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी के जीवन और कार्य को समर्पित भाव अर्पित किए. पूरे कार्यक्रम के दौरान, गुरुदेवश्री राकेशजी ने सचेतन चयन, साहसपूर्वक त्याग और करुणापूर्वक सेवा पर तीन प्रेरणादायी प्रवचन दिए.