बिबवेवाडी, 1 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), उप क्षेत्रीय कार्यालय में 14 से 28 सिंतबर तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया गया. इस पखवाड़े के दौरान कार्यालय में हिंदी निबंध, हिंदी टीप्पण-लेखन, राजभाषा ज्ञान और हिंदी वाक् जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. ये प्रतियोगिताएं हिंदी एवं हिंदीतर भाषी दोनो वर्गो के कार्मिकों के लिए थीं. इसके अतिरिक्त कार्मिकों के बच्चों के लिए चित्रकला और काव्यपाठ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई. 29 सितंबर राजभाषा पखवाड़े का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. इस समारोह में निगम के बिबवेवाडी स्थित अस्पताल एवं चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. प्रदीप गायकवाड़ मुख्यअतिथि के रूप में उपस्थित थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यालय के प्रशासनिक प्रधान एवं संयुक्त निदेशक सुकांत चंद्र दास ने की. कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री, श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया. समारोह में प्रतियोगियाओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. हिंदी में श्रेष्ठतम कार्य करने हेतु ‘बीमा-3’ शाखा को राजभाषा चल-शील्ड प्रदान की गई. सहायक निदेशक (राजभाषा) निरंजन कुमार सामरिया ने राजभाषा कार्यान्वयन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की. सुकांत चंद्र दास ने कहा की, हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्की हमारी भावनाओं, विचारों और संस्कृति को व्यक्त करने का माध्यम है. डॉ. प्रदीप गायकवाड़ ने कहा की, हिंदी विविधता में एकता के विचार को चरितार्थ करती है. कार्यक्रम में उप क्षेखीय कार्यालय के सभी शाखा अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन चेष्टा गांधी खेड़ा (सहायक) तथा विरश्री विलास पेठे (प्रवर श्रेणी लिपिक) द्वारा किया गया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में वर्तिका सक्सेना, स्वप्निल पाटिल (प्रवर श्रेणी लिपिक) ने सहयोग दिया तथा सामान्य शाखा द्वारा विभिन्न प्रबंध किए गए.