पुणे, 19 अक्टूबर (आ.प्र.) महिलाओं के अखिल भारतीय संगठन ‘राष्ट्र सेविका समिति’ को इस वर्ष 90 वर्ष पूरे हो गए हैं. विजयादशमी के अवसर पर पुणे महानगर में 9 स्थानों पर सघोष पथसंचलन का आयोजन किया गया, जिसमें ढाई हजार सेविकाएं शामिल हुईं. शेष संचलन आगामी रविवार, 25 अक्टूबर को संपन्न होंगे. पुणे महानगर में शामिल 8 क्षेत्रों में कुल 9 स्थानों पर अनुशासित पथसंचलन संपन्न हुए. इस समारोह में राष्ट्र सेविका समिति के अखिल भारतीय, प्रांत और महानगर पदाधिकारियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति रही. इस संचलन का मुख्य आकर्षण यह रहा कि इसमें बाल, युवा और वरिष्ठ सभी आयु वर्ग की सेविकाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली. संचलन के दौरान घोष पथक में बांसुरी, आनक, पणव, झल्लरी और त्रिभुज जैसे पारंपरिक वाद्यों पर आकर्षक रचनाओं की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं. संभाजी क्षेत्र में पहली बार एक साथ 3 अलग-अलग स्थानों यानी वारजे- कोंढवे धावड़े, बावधन (एलएमडी चौक) और शामराव कलमाड़ी हाईस्कूल से संचलन संपन्न हुए. इसके अलावा सिंहगड क्षेत्र में दो संचलन एक साथ सिंहगड़ रोड और नरहे परिसर में आयोजित किए गए्| साथ ही कसबा, कात्रज और पर्वती- येरवड़ा क्षेत्रों में भी सघोष पथसंचलन उत्साह के साथ संपन्न हुए. पूर्ण गणवेश में अनुशासित तरीके से आगे बढ़ने वाले इस सघोष पथसंचलन में लगभग 2500 सेविकाओं ने भाग लिया.