कात्रज, 19 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पुणे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में ‘स्वच्छ’ संस्था के कचरा बीनने वाले सहयोगियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है. उनके बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिले, इस उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ पुणे कात्रज और जयराज ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छ संस्था के 15 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई. इसके साथ ही, काम की जिम्मेदारी संभालते हुए 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 5 कर्मचारियों का विशेष सम्मान किया गया. दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में दीपाली विजय माने, संध्या शंकर कांबले, श्रुति विनोद लोंढे, संगीता विलास निर्मल, पूजा मोहन राउत, सिद्धि अमोल जाधव, अनुराधा अजमेर शिंदे, नंदिनी दत्ता कसबे, अर्पिता आबा सरोदे, अन्वेषा काशीनाथ गोरे, अर्चना विकास घोडके, वर्षा अमित ओव्हल, ज्योति अशोक पंडित, मंगल गोविंद सकट और कृष्णा संजय लांडगे शामिल थे. काम की जिम्मेदारी संभालते हुए दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर पांच कर्मचारियों खुशी गणेश खपटे, सार्थक मेश्राम चंदनशिवे, तनु भारत तरकसे, समीक्षा सुनील दहिरे और सानिका उमेश अडसूल का सम्मान किया गया. जयराज ग्रुप के निदेशक डॉ. राजेश शाह ने कहा, मेरी यही अपेक्षा है कि ये बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करके अपना भविष्य उज्ज्वल करें और अपने परिवार का नाम रोशन करें.