येरवड़ा, 19 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) जिस-जिस सेक्टर में मैं रहा हूं, हर सेक्टर में मैंने देखा है कि अग्रवाल समाज ने दानधर्म में बहुत अच्छा काम किया है. जो लोग बड़ी इंडस्ट्री चलाते हैं, वो सीएसआर में भी बहुत अच्छा योगदान देते हैं. जिनका 1,000 करोड़, 500 करोड़, 200 करोड़ का टर्नओवर है, उनकी सीएसआर की रकम अच्छी होती है. वे यह नहीं करते कि सिर्फ पैसा एनजीओस में बांट दिया, बल्कि बहुत अच्छे तरीके से वे व्यक्तिगत रुप से वह पैसा समाजोपयोगी काम में लग रहा है इस पर भी ध्यान देते हैं. मैं चाहूंगा कि अग्रवाल समाज आगे भी शिक्षा, समाजसेवा, और ईमानदारी से व्यापार करने वाली कम्युनिटी के रूप में जाना जाए, ऐसे शब्दों में महाराष्ट्र राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने समाज के लिए शुभकामनाएं दी हैं. वो अग्रवाल समाज पुणे द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में बोल रहे थे. डेक्कन कॉलेज ग्राऊंड में रविवार (18 अक्टूबर) को इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया था. जयंती समारोह से पहले प्रति वर्ष की तरह ढोल-नगाड़ों के बीच महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के साथ रथयात्रा निकाली गई. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि महाराष्ट्र राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल तथा अग्रवाल पैकर्स एंड मूवर्स के निदेशक रमेश अग्रवाल और सम्माननीय अतिथि के रुप में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष बसंतकुमार मित्तल उपस्थित रहे. शहर की विभिन्न इकाइयों को सम्मिलित करते हुए आयोजित 5,150 वें अग्रसेन जयंती के समारोह में मंच पर अग्रवाल समाज पुणे के अध्यक्ष ईेशरचंद गोयल, सचिव संजय (प्रिंस) अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष भारती जिंदल, उत्सव प्रमुख द्वारका जालान उपस्थित रहे. कोषाध्यक्ष दीपक बंसल ने मंच का संचालन किया. महाराजा अग्रसेन जी और मंगलमूर्ति मोरया के जयकारे के बाद दीप प्रज्वलन, प्रतिमा माल्यार्पण और महाराजा अग्रसेन जी की आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. अध्यक्ष ईेशरचंद गोयल ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत-सम्मान किया. सचिव संजय (प्रिंस) अग्रवाल और महिला मंडल अध्यक्ष भारती जिंदल ने पिछले सालभर में किए गए कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की. साथ ही युवा टीम के नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण अग्रवाल का भी अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम की प्रस्तावना और अतिथियों का स्वागत करते हुए अग्रवाल समाज पुणे के अध्यक्ष ईेशरचंद गोयल ने अपनी भूमिका साझा की. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल और अग्रवाल मूवर्स एंड पैकर्स के निदेशक रमेश अग्रवाल का स्वागत परिचय डॉ. साक्षी बंसल ने कराया. अपने संबोधन में महाराष्ट्र राज्य के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने समाज की विशेषता, महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति, अग्रवाल समाज द्वारा की जानेवाली समाजसेवा तथा शादियों के संदर्भ में समाज में बढ़ती हुई समस्याओं तथा उपायों के बारे में चर्चा की. उन्होंने कहा, हमारा समाज दानधर्म में काफी आगे है. चाहे पुराने जमाने में, धर्मशालाएं हों या भीषण गर्मी से निपटने के लिए हैंड्स पंप्स लगाने हों. अभी महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति है. मैं चाहूंगा कि अपना समाज, खासकर मराठवाड़ा और विदर्भ में आप जो भी सहायता कर पाएं, उस क्षेत्र में कीजिए. अग्रवाल समाज हमेशा से अहिंसा में वेिशास रखता रहा है. हिंसा के बहुत ही कम केसेस हैं, क्राइम के बहुत कम केसेस हैं. वो परंपरा भी चालू रहनी चाहिए. मेहनती समाज के नाम से अग्रवाल जाने जाते हैं. व्यापार करने के लिए और अच्छा, ईमानदारी से व्यापार करने के लिए वे जाने जाते हैं, वो प्रथा भी चालू रहे. व्यापार के साथ अग्रवाल समाज शिक्षा में अग्रणी है. हमारे समाज में लड़कियां भी अच्छी शिक्षा प्राप्त करती हैं, कैरियर बनाती हैं, चाहे वो इंजीनियर, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट हो या और अन्य कोई. आजकल के जो युवा हैं, वो नए-नए कैरियर ढूंढ रहे हैं. पारंपरिक व्यवसायों से परे वे अलग सोच रहे हैं, कर रहे हैं, यह अच्छी बात है, ऐसा भी राजेश अग्रवाल ने बताया. अग्रवाल मूव्हर्स एंड पैकर्स के निदेशक रमेश अग्रवाल ने अपने भाषण में कहा, हम यदि महाराजा अग्रसेन को पढ़ लें, जान लें, उनके जीवनमूल्यों को अपने अंदर तक उतार लें, तो समझ में आएगा कि महाराजा अग्रसेन जी से बड़ा ज्ञान गुरु कोई है ही नहीं. हम 5,150 वर्ष के बाद भी उनकी महिमा, उनके ज्ञान, उनके बारे में चर्चा कर रहे हैं, इसका मतलब, कुछ तो उस व्यक्ति में था. जीवन आपके आलीशान रहन-सहन, ब्रांडेड कपड़ों या आपकी अच्छी अंग्रेजी से नहीं आंका जाता, क्योंकि जीवन का असली पैमाना कुछ और ही होता है. आपकी दयालुता, इंसानियत, उदारता और आपके नाम से खिलने वाले मुस्कुराते हुए चेहरे ही आपकी असली कमाई हैं. सम्माननीय अतिथि, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष बसंतकुमार मित्तल का परिचय एड. खुशबू केजरीवाल ने कराया. अपने भाषण में बसंतकुमार मित्तल ने कहा कि हमें ये कहते हुए गर्व हो रहा है कि हम महाराजा अग्रसेन की संतान हैं. सम्मेलन के अध्यक्ष के नाते हमने संकल्प किया है कि आने वाले समय में जो अग्रवाल सम्मेलन के घटक थे, जो हमसे अलग हो गए, उन्हें मिलाने का कार्य चल रहा है. हम चाहते हैं कि ये समाज एक छतरी के नीचे आए. पूरी दुनिया के अग्रवाल समाज के लोगों को एक-साथ लाने का काम करना चाहते हैं. पूरे देश और दुनिया को बताना चाहते हैं कि हम राष्ट्र के सेवक, समाज के सेवक हैं. समाजवाद के प्रणेता, महाराजा अग्रसेन की संतान हैं. लगभग ढाई घंटे चले कार्यक्रम में सैंकडों की संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे. तालियों की गूंज और महाराजाधिराज अग्रसेन महाराज के जयकारों ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया. पूरे समारोह को सफल बनाने के लिए स्पॉन्सर्स, कमेटी मेंबर, बोर्ड मेंबर, विभिन्न क्लब व संस्थाओं के पदाधिकारियों का प्रमुख अतिथियों के हाथों सम्मान किया गया. इस कार्यक्रम में अग्रसेन पुरस्कार से महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और वरिष्ठ आईएएस राजेश अग्रवाल, आर्किटेक्ट सीतेश अग्रवाल, अरुणा सिंघल और एड. संजय अग्रवाल को सम्मानित किया गया. अग्रसेन जयंती समारोह के उपलक्ष्य में पहली बार बिजनेस एक्सपो का भव्य आयोजन किया गया. इस एक्स्पो के टाइटल स्पॉन्सर प्रीस्टिन प्रॉपर्टीज् के प्रीतम ईेशरचंद गोयल ने कार्यक्रम के अंत में घोषणा की कि अगर अगले 5 साल यह एक्सपो निरंतर चलता रहता है तो वे टाइटल स्पॉन्सर के रुप में योगदान देते रहेंगे.
पुणे में बनेगा भव्य महाराजा अग्रसेन कन्वेंशन सेंटर
मैंने 17 वर्षों से एक सपना देखा है कि पुणे में भव्य अग्रसेन भवन बने. मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वह खोज पूरी हो चुकी है. जगह निश्चित हो गई है. करीबन 11 एकड़ जगह निश्चित हो गई है. यहां ऐसा भवन निर्माण हम शुरू कर रहे हैं जिस पर पुणे शहर के अग्रवाल बंधुओं को गर्व होगा. इस भवन का कुल बजट तकरीबन 225 से 250 करोड़ का है. इस भवन का नाम भी हमने, महाराजा अग्रसेन कन्वेंशन सेंटर, निश्चित किया है. उन्होंने कहा, हमने यह विचार किया था कि अहिंसा के पुजारी एवं समाजवाद के प्रणेता महाराजाधिराज अग्रसेन जी की 5,150 वीं जयंती हम सब मिलकर, पुणे शहर की जितनी भी इकाइयां हैं, उन्हें साथ लेकर मनाएंगे. मुझे खुशी है कि विभिन्न इकाइयों, क्लबों के सदस्य इस समारोह में शामिल हुए. इस कार्यक्रम को हमेशा की तरह भव्य बनाते हुए हमने प्रवाह बिजनेस एक्सपो 2026 का भी पहली बार आयोजन किया, जिसे लोगों ने खूब सराहा. - ईेशरचंद गोयल, अध्यक्ष, अग्रवाल समाज पूना
जीवन साथी चुनने में लड़के-लड़कियों को आजादी दें समाज में एक गंभीर समस्या देखी जा रही है. मैं महाराष्ट्र का चीफ सेक्रेटरी हूं, तो हमारे यहां महाराष्ट्र का काफी डेटा एनालिसिस होता रहता है. इसमें ना सिर्फ महाराष्ट्र के गांवों में, बाकी देश के गांवों में भी, आजकल की लड़कियां कहती हैं, शादी कर के मैं तो शहर में जाऊंगी, गांव में नहीं रहूंगी. जो गांव के रहने वाले लड़के हैं, उनके लिए ये समस्या बहुत ही गंभीर है. चाहे महाराष्ट्र के मराठवाड़ा का लड़का हो, या यूपी का लड़का हो, या हरियाणा, राजस्थान के लड़के हेों. शहरों के लड़के-लड़कियों की समस्या थोड़ी अलग है. मैं आप सबको एक ही सलाह देना चाहूंगा कि बच्चों को थोड़ा खुला छोड़ दें. शादी के बारे में वे अपना जीवन साथी अपने-आप ढूंढ के लाएं, तो शादी हो जाएगी. अरेंज्ड मैरिज के भरोसे आप बैठे रहें तो बहुत मुश्किल है. आज के समाज की सच्चाई यही है. अग्रवाल समाज प्रोग्रेसिव रहा है, हमें अपने लड़के-लड़कियों को थोड़ी सी आजादी देनी चाहिए, कि वे अपना जीवन साथी खुद ढूंढ लें, चाहे वे किसी भी कम्युनिटी से क्यों न हों. अंतरजातीय शादी पद्धति से मैं खुश हूं. मैं चाहूंगा कि इस मामले में हम थोड़े खुले विचार अपनाएं. - राजेश अग्रवाल, मुख्य सचिव, महाराष्ट्र राज्य
अग्रोहा का राज्य एक स्टार्ट अप की तरह
अहिंसा के मार्ग पर चलनेवाले और एक पत्नी व्रत के अग्रणी महाराजा अग्रसेन की जीवनी अपने आप में आदर्श है. आज के बच्चे स्टार्टअप के बारे में बात करते हैं. महाराजा अग्रसेनजी को अपने पिताजी बल्लभ सेन जी के राज्य प्रतापनगर से कुछ नहीं मिला था. तो अग्रसेन जी ने अपना नया अग्र राज्य बसाया, जिसे आज अग्रोहा राज्य का नाम दिया जाता है. उन्होंने बिल्कुल नया स्टार्टअप किया था, वो भी बिल्कुल अलग से. - रमेश अग्रवाल, संचालक, अग्रवाल मूव्हर्स एंड पैकर्स