पुणे, 19 अक्टूबर (आ.प्र.) सस्टेनेबिलिटी एंड एनर्जी प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन (एसईपीए) और सीओईपी प्रौद्योगिकी वेिशविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित छठी ‘सस्टेनेबल इंडिया एडवांस्ड क्लीन एनर्जी वर्कशॉप 2026’ का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला के पुणे संस्करण का उद्घाटन सीओईपी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में किया गया. 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में उद्योग विशेषज्ञों, प्रोफेसरों, शोधकर्ताओं और ऊर्जा पेशेवरों ने भाग लिया. कार्यशाला में भारत में स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक तकनीकी प्रगति और उपायों पर चर्चा की गई. कार्यशाला सीओईपी के भाऊ इंस्टिट्यूट स्थित किर्लोस्कर सभागार में सुपन्न हुई. कार्यशाला का मुख्य विषय बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीएसई) था. इसमें बड़ी विद्युत परियोजनाओं के साथ-साथ वाणिज्यिक और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए भी प्रणालियां शामिल थीं. तकनीकी सत्रों और विशेषज्ञ पैनल चर्चाओं में बैटरी भंडारण प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण, ग्रिड लचीलापन, परियोजना की व्यवहार्यता, सुरक्षा, नीतियों और इस क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसरों जैसे विषयों को शामिल किया गया. कार्यक्रम में स्किल काउंसिल फॉर ग्रीन जॉब्स के सीईओ अर्पित शर्मा शामिल हुए. डॉ. रघुराम अर्जुनन, अध्यक्ष, सस्टेनेबिलिटी एंड एनर्जी प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन (एसईपीए), प्रोफेसर सुनील भीरुड, कुलपति, सीओईपी यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, डॉ. राजाराम उगले, विद्युत विभाग के प्रमुख, सीओईपी यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, आदित्य रामलिंगम, कार्यकारी परिषद सदस्य, सस्टेनेबिलिटी एंड एनर्जी प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन और निखिल मंगलौरी, सचिव, एसईपीए भी उपस्थित थे.