सिम्बायोसिस साहित्य महोत्सव में जावेद अख्तर व गुलजार की उपस्थिति

24 व 25 अक्टूबर को साहित्य, कला और संस्कृति का अनूठा संगम शायर जां निसार अख्तर व माधव गाडगिल के योगदान पर भी विशेष चर्चा होगी

    23-Oct-2026
Total Views |
 
dfdf
विमान नगर, 22 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के ‌‘सिम्बायोसिस स्कूल फॉर लिबरल आर्ट्स‌’ (SSLA) की ओर से सातवें ‌‘सिम्बायोसिस साहित्य महोत्सव‌’ (SLF 2026) का आयोजन किया गया है. यह दो दिवसीय साहित्य महोत्सव 24 और 25 अक्टूबर को विमान नगर स्थित सिम्बायोसिस ईशान्य भवन में होगा. जहां कहानियां एकत्र होती हैं (Where Stories Gather..) यह इस साल के महोत्सव की संकल्पना है. इसमें साहित्य, कला, संस्कृति, सामाजिक चेतना, पर्यावरण और समकालीन विषयों पर विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज और विद्वान मंथन करेंगे. महोत्सव में जाने- माने साहित्यकार, कवि, कलाकार, शोधकर्ता और विचारक हिस्सा लेंगे. वरिष्ठ कवि और गीतकार जावेद अख्तर के हाथों महोत्सव का उद्घाटन होगा. इसके बाद, उनके पिता और प्रसिद्ध शायर जां निसार अख्तर के कविता संग्रह ‌‘हिंदोस्तान हमारा‌’ पुस्तक पर विशेष चर्चा होगी. वरिष्ठ कवि व गीतकार गुलजार और प्रसिद्ध लेखक एवं पूर्व राजनयिक पवन वर्मा के बीच का संवाद इस महोत्सव का एक और मुख्य आकर्षण रहेगा. इस साल के महोत्सव में साहित्य और कला के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले दिग्गजों के कार्य का भी सम्मान किया जाएगा. प्रसिद्ध साहित्यकार महाश्वेता देवी और विख्यात व्यंग्यकार (कार्टूनिस्ट) मारियो मिरांडा की जन्म शताब्दी के अवसर पर उनके कार्यों को याद किया जाएगा. इसके अलावा, वरिष्ठ शायर जां निसार अख्तर और प्रसिद्ध पर्यावरणविद माधव गाडगिल के योगदान पर भी विशेष प्रकाश डाला जाएगा.