जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित

लायंस क्लब ऑफ पूना गणेशखिंड और मां आशापुरा माता मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजन

    23-Oct-2026
Total Views |
 
dafrr
बिबवेवाड़ी, 22 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 नवरात्रि के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ पूना गणेशखिंड और मां आशापुरा माता मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्त्वावधान में समाज की जरूरतमंद महिलाओं के लिए एक विशेष सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस उपक्रम के अंतर्गत महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उनकी आजीविका में आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से नि:शुल्क सिलाई मशीन वितरित की गईं. इस अवसर पर सेंट हिल्डाज स्कूल की छात्राओं का ‌‘कन्या पूजन‌’कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ. इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ पूना गणेशखिंड के अध्यक्ष विकास अग्रवाल और फर्स्ट लेडी टीना अग्रवाल मुख्य रूप से मौजूद थे. उनके साथ ही विजय भंडारी, भारती भंडारी, श्याम खंडेलवाल, प्रवीण कुमार मेहता, करुणा मेहता, मंगेश कटारिया, मनोज छाजेड और जिनेंद्र लोढा ने भी अपनी उपस्थिति से महिलाओं का उत्साह बढ़ाया. सेंट हिल्डाज स्कूल की छात्राओं को विशेष रूप से आमंत्रित करके उनका पारंपरिक तरीके से पूजन किया गया. देवी का स्वरूप मानी जाने वाली इन बालिकाओं को तिलक लगाकर, आरती उतारकर और प्रसाद देकर सम्मानित किया गया. इस पूजन के कारण कार्यक्रम में शामिल सभी बालिकाओं के चेहरों पर एक अलग ही खुशी और उत्साह झलक रहा था. कार्यक्रम में मां आशापुरा माता मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख विजय भंडारी, चेतन भंडारी, सिद्धी शिळीमकर के साथ ही सेंट हिल्डाज स्कूल के शिक्षक और छात्राएं उपस्थित थीं. मंदिर की कन्या पूजन समिति से भारती भंडारी, लीना भंडारी, टीना अग्रवाल, शिल्पा कटारिया, रेखा खंडेलवाल, प्रियंका परमार, जागृति सोनी, सुजाता गोयल, अनीता बलदोटा और स्वाति पोद्दार ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विशेष परिश्रम किया. इस अवसर पर लड़कियों के लिए मनोरंजन के कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था. ट्रस्ट के प्रमुख विजय भंडारी ने बताया कि, कन्या पूजन से समाज में बेटियों के महत्व का स्मरण होता है. उनके सम्मान से समाज में आदर और श्रद्धा भाव को और अधिक बढ़ावा मिलने में मदद मिलती है. इस पहल के माध्यम से समाज में नारी शक्ति के गौरव और बेटियों के सम्मान का एक सकारात्मक संदेश दिया गया. समाज की जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट कर उनकी आर्थिक प्रगति में सहयोग देने का कार्य लायंस क्लब ऑफ पूना गणेशखिंड के सहयोग से संपन्न हुआ.