शिवाजीनगर, 23 अक्टूबर (आ.प्र.) शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को टिकाऊ शहरी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ल्ड (विश्व) बैंक समूह के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुणे मनपा का दौरा किया. मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जलापूर्ति, मल-निकासी, वर्षाजल निकासी, संभावित वित्तीय सहायता और तकनीकी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई. विश्व बैंक समूह के जल क्षेत्र की प्रादेशिक निदेशक मारा वॉर्विक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पुणे पहुंचा था. बैठक में मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम, अतिरिक्त मनपा आयुक्त पवनीत कौर और ओमप्रकाश दिवटे के साथ सिटी इंजीनियर अनिरुद्ध पावसकर, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी उल्का कलसकर, जलापूर्ति विभाग के मुख्य अभियंता नंदकिशोर जगताप, परियोजना विभाग के मुख्य अभियंता दिनकर गोजारे तथा सड़क विभाग के मुख्य अभियंता राजेश बनकर उपस्थित थे. प्रतिनिधिमंडल में अंतरराष्ट्रीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक के जल क्षेत्र निदेशक विलियम रेक्म, अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम के भारत, भूटान और मालदीव में बुनियादी ढांचा प्रबंधक नुरु लामा, वरिष्ठ जल विशेषज्ञ एवं एमयूडब्ल्यूआरईपी परियोजना के दल प्रमुख हर्ष गोयल तथा प्रमुख निवेश अधिकारी और परियोजना के सह-दल प्रमुख नीरज गुप्ता शामिल थे. पुणे शहर के साथ मनपा में शामिल गांवों में जलापूर्ति, मल-निकासी और वर्षाजल निकासी सुविधाओं के एकीकृत विकास के लिए मनपा द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रतिनिधिमंडल ने सराहना की. बैठक में बुनियादी सुविधाओं के लिए संभावित वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग, संस्थागत क्षमता मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियां अपनाने पर विचार-विमर्श हुआ. शहर की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप शहरी सेवाओं की योजना बनाने और उन्हें सुदृढ़ करने के लिए सहयोग के विभिन्न अवसरों की भी समीक्षा की गई. नागरिकों को वेिशसनीय, समानता पर आधारित और टिकाऊ शहरी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मनपा और वेिश बैंक समूह के बीच सहयोग की प्रतिबद्धता इस दौरे में विशेष रूप से फोकस की गई.