मैसूर, 26 अक्टूबर (आ. प्र.) भारतीय घुड़दौड़ के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जवरे एस. पूनावाला को शनिवार शाम मैसूर में आयोजित ‘टर्फ अथॉरिटीज ऑफ इंडिया (टीएआई) रेसिंग एक्सीलेंस अवार्ड्स’ समारोह में प्रतिष्ठित ‘लीजेंड ऑफ इंडियन हॉर्स रेसिंग’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया.मैसूर रेस क्लब के चेयरमैन के.टी. बालकृष्णन ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया. यह सम्मान भारतीय घुड़दौड़ के विकास और इस खेल को देशभर में बढ़ावा देने में पूनावाला के निरंतर योगदान को मान्यता देता है. घोड़ों की शुद्ध नस्ल (थरोब्रेड) के प्रजनन और रेसिंग के क्षेत्र में पूनावाला परिवार का योगदान भारतीय घुड़दौड़ के विकास में महत्वपूर्ण रहा है. समारोह में टीएआई ने डॉ. साइरस एस. पूनावाला को भी इस खेल में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया. उन्हें हाल ही में इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ हॉर्सरेसिंग अथॉरिटीज (आईएफएचए) की ओर से ‘आउटस्टैंडिंग कॉन्ट्रिब्यूशन अवार्ड’ प्रदान किया गया था. जवरे एस. पूनावाला ने बेंगलुरु में घुड़दौड़ को बचाने के प्रयासों से लेकर मैसूर में रेसिंग सुविधाओं के उन्नयन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसके अलावा, ऐतिहासिक मद्रास रेस कोर्स को फिर से खोलने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन मद्रास’ में भी उनके प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह पुरस्कार मैसूर रेस क्लब की ओर से प्रस्तावित किया गया था, जिसे टीएआई के चेयरमैन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी. समारोह का आयोजन ‘इंडियन टर्फ इनविटेशन कप’ सप्ताहांत के दौरान किया गया.