सिंहगढ़ रोड, 26 अक्टूबर (आ.प्र.) दृष्टिबाधित व्यक्तियों की ‘दीपावली’ खुशियों से भरी हो, इसके लिए पिछले कई वर्षों से उन्हें नियमित रूप से राशन देने का उपक्रम चलाया जा रहा है. इसी के तहत हाल ही में 450 दृष्टिबाधित व्यक्तियों को दीपावली का राशन वितरित किया गया. द पूना ब्लाइंड मेंस एसोसिएशन और रोटरी क्लब ऑफ पुणे शनिवार वाड़ा ने संयुक्त रूप से इसका आयोजन किया था. यह कार्यक्रम द पूना ब्लाइंड मेंस एसोसिएशन के नांदेड़ फाटा (सिंहगढ़ रोड) स्थित शिर्डी साई बाबा अंध महिला वृद्धाश्रम में हुआ. इसमें पुणे शहर और आसपास के क्षेत्रों के दृष्टिबाधित व्यक्ति और उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए थे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में द पूना ब्लाइंड मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश शाह और कार्यकारी निदेशक परवेज बिलिमोरिया समेत रोटरी क्लब पुणे शनिवारवाड़ा के अध्यक्ष दिनेश जोशी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्रीनिवास पालंदे, नारायण चांडक और अभिनव सेवा फाउंडेशन के सुनील गोवर्धन भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का आयोजन काश्मीरा ठाकर और उनके सहयोगियों द्वारा किया गया.