लोहगांव, 27 अक्टूबर (आ.प्र.) मानव सेवा के उद्देश्य से सीरवी समाज की ओर से लोहगांव रोड के संजय पार्क स्थित श्री आई माता मंदिर परिसर में रविवार को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में 1,004 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया. समाज के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता का परिचय दिया. इस अवसर पर केंद्रीय नागर विमानन एवं सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल विशेष रूप से उपस्थित थे. इसके अलावा वडगांव शेरी के विधायक बापूसाहेब पठारे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के पुणे शहर अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुनील टिंगरे, नगरसेवक सुहास टिंगरे और रवि टिंगरे ने उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया. राजस्थान के पाली से आए सीरवी युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चौधरी भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे. शिविर का आयोजन सीरवी जय भवानी सेवा संस्था और सीरवी महिला मंडल, संजय पार्क की ओर से किया गया. सीरवी क्षत्रिय युवा मंच ने आयोजन का संयोजन किया. शिविर की सफलता के लिए श्री आई माता मंदिर बडेर के अध्यक्ष, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और वरिष्ठ समाजबंधुओं ने मार्गदर्शन दिया. युवा मंडलों, महिला मंडलों, स्वयंसेवकों, दानदाताओं, चिकित्सकों, परिचारिकाओं और रक्तपेढ़ी की टीम ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया. आयोजकों ने सभी 1,004 रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की सहायता होने के साथ ही समाज में सेवाभाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है. सीरवी क्षत्रिय युवा मंच के अध्यक्ष दिनेश देवड़ा (चौधरी) ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की एकजुटता का परिणाम है. यह सफलता भविष्य में भी जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रेरणा देगी.