हड़पसर, 27 अक्टूबर (आ.प्र.) पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के कुशल उपयोग और सतत विकास के लिए लागू किए गए विभिन्न उपक्रमों को ध्यान में रखते हुए, अमनोरा टाउनशिप को भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के ‘एक्सीलेंट एनवायरनमेंट प्रैक्टिस अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है. चेन्नई में आयोजित ‘नेशनल अवॉर्ड फॉर एनवायरनमेंटल बेस्ट प्रैक्टिसेज 2026’ पुरस्कार समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया. अमनोरा के पर्यावरण विभाग के अमोल बोराटे और अमित सस्ते ने अमनोरा की ओर से यह पुरस्कार स्वीकार किया. इस पुरस्कार के लिए 125 से अधिक कंपनियां और 300 से अधिक प्रोजेक्ट शामिल हुए थे. टाटा स्टील, जीएमआर हैदराबाद, टाटा ऑटोकॉम्प और किर्लोस्कर जैसी नामी संस्थाएं भी इस प्रतियोगिता में शामिल थीं. इसलिए, अमनोरा टाउनशिप के पर्यावरण-अनुकूल पहलों को मिले इस सम्मान का विशेष महत्व है. अमनोरा के पर्यावरण विभाग के माध्यम से कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, अक्षय ऊर्जा, हरित क्षेत्र के विस्तार और नवीन पर्यावरणीय उपायों पर जोर दिया जा रहा है. अमनोरा में प्रतिदिन लगभग 15 हजार किलोग्राम ठोस कचरे का प्रबंधन किया जाता है. कचरे का उदगम स्थल पर वर्गीकरण, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के माध्यम से डंपिंग ग्राउंड पर भेजे जाने वाले कचरे की मात्रा को कम करने का प्रयास किया जाता है. जैविक कचरे से उपयोगी खाद बनाने के लिए यांत्रिक कंपोस्टिंग की सुविधा शुरू की गई है. इसके अलावा, टाउनशिप के बायोगैस प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रतिदिन 5 हजार किलोग्राम जैविक कचरे का प्रसंस्करण कर उससे ऊर्जा का उत्पादन किया जाता है. इस माध्यम से संसाधनों के पुनर्चक्रण और सर्कुलर इकोनॉमी (वर्तुलाकार अर्थव्यवस्था) को बढ़ावा दिया जा रहा है.