पुणे , 28 अक्टूबर (आ.प्र.) पुणे अंतरराष्ट्रीय मैराथन के 40वें संस्करण का आयोजन रविवार, 6 दिसंबर को पुणे में किया जाएगा. इसकी घोषणा पुणे अंतरराष्ट्रीय मैराथन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजन समिति के अध्यक्ष अभय छाजेड ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में की. पुणे अंतरराष्ट्रीय मैराथन के संस्थापक सुरेश कलमाडी का जनवरी में निधन हो गया. देश में खेलों के विकास में उनके योगदान का सम्मान करने के लिए इस वर्ष की प्रतियोगिता स्वर्गीय सुरेश कलमाडी पुणे अंतरराष्ट्रीय मैराथन के नाम से आयोजित की जाएगी. इस ऐतिहासिक 40वें संस्करण के लिए देशभर से अब तक 10,000 से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया है और 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय धावकों के भाग लेने की अपेक्षा है. वसंत गोखले तकनीकी प्रतियोगिता निदेशक के रूप में सहयोग करेंगे. इसके अलावा गुरबाज कौर और रोहन मोरे संयुक्त प्रतियोगिता निदेशक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे. सुमंत वाईकर के नेतृत्व में प्रतियोगिता की योजना, तकनीकी व्यवस्था, मार्ग प्रबंधन, धावकों के लिए आवश्यक सुविधाओं और प्रतियोगिता के दिन की संपूर्ण कार्यवाही की योजना बनाई जाएगी. वसंत गोखले प्रतियोगिता मार्ग से संबंधित तकनीकी पहलुओं, आवश्यक मानकों और आयोजन के तकनीकी प्रबंधन पर मार्गदर्शन करेंगे. संयुक्त प्रतियोगिता निदेशक गुरबाज कौर और रोहन मोरे विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिता का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग करेंगे. सभी प्रतियोगिता श्रेणियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 नवंबर है. इस वर्ष केन्या, इथियोपिया, तंजानिया और अन्य अफ्रीकी देशों के धावकों सहित 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के पूर्ण मैराथन और अर्धमैराथन में भागे लेने की अपेक्षा है. सभी दौड़ पुणे में सारसबाग के पास स्थित बाबूराव सणस क्रीड़ांगण से शुरू होगी.