मुंबई, 2 अक्टूबर (आ.प्र.)कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड ने बताया कि आरबीआई ने अनूपकुमार साहा को बैंक का मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है. यह नियुक्ति 1 जनवरी 2027 से 3 साल के लिए होगी. बैंक का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स इस नियुक्ति को औपचारिक रूप देने के लिए उचित समय पर आगे के कदम उठाएगा और इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी भी लेगा. अनूप फिलहाल कोटक महिंद्रा बैंक में होल-टाइम डायरेक्टर (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) हैं. वे जनवरी 2026 में बैंक से जुड़े थे और मार्च 2026 से रिटेल बैंक, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग का कामकाज देख रहे हैं. बैंक के बोर्ड के चेयरमैन सी.एस. राजन ने कहा हम भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी का स्वागत करते हैं. अनूप के पास बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज का व्यापक अनुभव है. अपनी मौजूदा भूमिका में वे बैंक के अलग-अलग कारोबारों से पहले ही सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं. बैंक अपनी मजबूत बुनियाद के सहारे लगातार बढ़ रहा है.