शोकाकुल माहौल में किया छात्रों का अंतिम संस्कार

आलंदी में छात्रों को अंतिम विदाई देने उमड़े ग्रामीणों के छलके आंसू; परिजनों का बुरा हाल

    03-Oct-2026
Total Views |
 
Alandi
आलंदी, 2 अ्नटूबर (आ.प्र.)
सुबह की गुनगुनी धूप में चेहरे पर खुशी की मुस्कान और भविष्य के सपने लेकर घर से निकले अपने 8 बच्चाें के शव जब एम्बुलेंस में दरवाजे पर पहुंचे, ताे पूरे आलंदी और केलगांव इलाके का दिल दहल उठा. काेकण के दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार (1 अ्नटूबर) काे हुए दुखद हादसे में ‘विनर्स अकादमी’ के 8 छात्राें की डूबने से माैत हाे गई.
 
शुक्रवार सुबह जब 4 एम्बुलेंस में इन मासूमाें के शव आलंदी पहुंचे, ताे पूरे तीर्थ क्षेत्र में अभूतपूर्व सन्नाटा और आंसुओं का सैलाब छा गया. आमताैर पर ताल- मृदंग की गूंज और हरिनाम के जयकाराें से गुंजायमान रहने वाली वारकरीनगरी में शुक्रवार काे केवल माता-पिता की छाती पीटती चीखें और सुन्न कर देने वाला दृश्य देखने काे मिला. केलगांव सीमा के छात्राें के साथ-साथ अन्य 6 लाेगाें के शव शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे 4 एम्बुलेंस के जरिए आलंदी लाए गए. आलंदी नगर परिषद की ओर से अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पहले ही कर ली गई थीं. सुबह करीब नाै बजे आलंदी के श्मशानघाट पर तन्मय दत्तात्रय वहिले और सुमित भरत अहिरे नामक दाे छात्राें का नम आंखाें से अंतिम संस्कार किया गया.
 
इसके बाद सुबह करीब 11 बजे प्रणव रामदास बनसाेड़े और दाेपहर साढ़े बारह बजे कैवल्य सतीश वासनकर काे विदाई दी गई. दूसरी ओर, केलगांव के श्मशानघाट में सुबह नाै बजे साेहम तुकाराम भांडवलकर और राजवीर युवराज वहिले नाम के 2 सहपाठियाें का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. इस दुर्घटना में मारे गए यश किरण वानखेड़े का अमरावती में, जबकि काैस्तुभ संदीप दाैंड का श्रीरामपुर तहसील के राहुरी स्थित श्मशानघाट में शाेकाकुल माहाैल में अंतिम संस्कार किया गया.
 
अपने कलेजे के टुकड़ाें के ताबूत में बंद शरीराें काे देखकर माता-पिता की चीख-पुकार ने वहां माैजूद सभी लाेगाें की आंखें नम कर दीं. कई घराें में गुरुवार शाम से चूल्हे भी नहीं जले थे. सुबह हंसतेखिलखिलाते एक-दूसरे के गले में हाथ डालकर निकले बच्चे इस तरह अचानक अनंत यात्रा पर चले जाएंगे, इस पर किसी काे यकीन नहीं हाे रहा था. एहतियात के ताैर पर मृत बच्चाें के आवास के साथसाथ आलंदी और केलगांव श्मशानघाट परिसर में आलंदी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भीमा नरके के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.