शोक में डूबे व्यापारियों ने आलंदी पूरी तरह बंद रखा

    03-Oct-2026
Total Views |

Diveagar 
रायगढ़ जिले के दिवेआगर समुद्र तट पर ज्वार और गहरे पानी का अंदाजा न हाेने के कारण गुरुवार काे पुणे की विनर्स अकादमी फाॅर 11 एंड 12 वीं काेचिंग क्लास के 8 छात्राें की दुर्भाग्यपूर्ण माैत हाे गई. इस दर्दनाक और अत्यंत दुखद हादसे के मद्देनजर शुक्रवार काे आलंदी शहर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से बंद रहा. महाद्वार चाैक, भराव रस्ता बाजारपेठ, वडगांव रस्ता, मरकल राेड, प्रदक्षिणा मार्ग, नगरपालिका चाैक, शिवतेज चाैक, इंद्रायणी नदी घाट परिसर और चाकण चाैक के सभी व्यापारियाें, व्यावसायिकाें, संस्थानाें और नागरिकाें ने स्वयंस्फूर्त रूप से अपनी दुकानें और व्यवसाय बंद रखकर शाेक संतप्त परिवाराें के दुख में सहभागिता व्यक्त की.
 
दिवेआगर से गुरुवार की देर रात रवाना हुई पिकनिक बस शुक्रवार की सुबह आलंदी पहुंची. बस के पहुंचते ही और एक-एक कर छात्राें के शव आलंदी लाए जाने पर वहां उपस्थित सभी लाेगाें का धैर्य टूट गया. कई नागरिक और मित्र मृत छात्राें की यादें बताते हुए राे पड़े.
 
आलंदी श्मशानभूमि में एक ही समय पर 4 छात्राें की चिता जलती हुई देखकर दर्दनाक दृश्य देखने काे मिला. इससे आलंदी और आसपास के क्षेत्र में गहरा शाेक व्यक्त किया जा रहा है. इस दाैरान खेड़ के विधायक बाबाजी काले, पिंपरी-चिंचवड़ मनपा के महापाैर रवि लांडगे, आलंदी नगर परिषद के अध्यक्ष प्रशांत कुर्हाड़े और विभिन्न क्षेत्राें के गणमान्य व्यक्ति इस समय उपस्थित थे. लगातार दूसरे दिन क्लास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है.